
सरायकेला : सरायकेला-खरसावां ज़िले के सरायकेला- चाईबासा मुख्य मार्ग पर बड़ा थोलको के समीप भीषण सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें एक कार चालक बुरी तरह से घायल हो गया, जिसे स्थानीय लोगों के सहयोग से 108 एम्बुलेंस से सदर अस्पताल पहुंचाया गया. जहां प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति की गम्भीरता को देखते हुए जमशेदपुर के साकची स्थित एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया. घटना के सम्बंध में बताया जाता है कि चाईबासा की ओर से आ रही हुंडई आई 10 कार ( JH05AD 3003) ने सड़क के किनारे खड़ी ट्रक( एनएल 01 डी 3603) को पीछे से टक्कर मार दी जिसमें कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना मंगलवार शाम सात बजे के आसपास की है. प्राप्त जानकारी के अनुसार जमशेदपुर के मानगो निवासी राजकुमार प्रसाद चाईबासा से अपना काम खत्म कर कार से वापस घर लौट रहे थे. इस बीच बड़ा थलको गांव के समीप यह दुर्घटना हो गई. दुर्घटना में कार का अगला हिस्सा ट्रक के पीछे घुस गया जिससे चालक राजकुमार के सर में गंभीर चोटें आई है.

कांड्रा हाईवा की चपेट में आकर बाइक सवार की मौत
सरायकेला जिले के कांड्रा थाना अंतर्गत मानीकुई पुल के समीप मंगलवार की सुबह एक हाईवा की चपेट में आकर एक बाइक सवार व्यक्ति की मौत हो गई. मृतक की पहचान 42 वर्षीय सुकलाल सरदार के रूप में हुई है. जो जमशेदपुर के बोड़ाम थाना अंतर्गत पोखरिया बाघूबेड़ा का रहनेवाला बताया जाता है. प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक बलरामपुर गम्हरिया स्थित ससुराल से स्प्लेंडर बाइक संख्या JH05 CJ 6433 से अपने घर वापस लौट रहा था, इसी बीच जैसे ही वह मनीकुई पुल के नजदीक पहुंचा, तेज गति से आ रहे अनियंत्रित हाईवा JH05AV 6056 ने उसे अपनी चपेट में ले लिया. दुर्घटना में मृतक के सिर पर गंभीर चोटें आयीं और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई. बाइक भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी. वहीं मिलते ही कांड्रा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल अस्पताल पहुंचाया और दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया. वहीं थाना प्रभारी शैलेंद्र कुमार के प्रयास से हाईवा मालिक द्वारा तत्काल दाह संस्कार के लिए 15000 की राशि मृतक के परिजनों को प्रदान की गई. मृतक के साले सोनू सरदार ने स्थानीय थाने में हाईवा चालक के विरुद्ध तेज गति से लापरवाही पूर्वक गाड़ी चलाने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है.






