
सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के उपायुक्त ए दोड्डे की अध्यक्षता में जिले के सभी उद्योगपतियों के साथ समाहरणालय सभागार में बैठक आयोजित की गई. बैठक में उपायुक्त ने सभी उद्योगपतियों से अपील करते हुए कहा कि जिले में वापस आ रहे सभी प्रवासी मजदूरों को जिले में ही रोजगार उपलब्ध कराने का मुख्य उद्देश रखा गया है, अन्य जिला व राज्य से वापस आ रहे सभी मजदूरों को उद्योग से जोड़ रोजगार उपलब्ध कराएं. जिले में अब तक 5500 प्रवासी मजदूरों का आगमन हो चुका है. उपायुक्त ने बैठक के दौरान उद्योगपतियों के बीच वार्ता करते हुए बताया की जिला प्रशासन द्वारा कोविड-19 पीपल ट्रैकिंग ऐप के माध्यम से सभी आवश्यक डेटा के साथ-साथ स्किल्ड एवं अनस्किल्ड श्रेणी के साथ 3952 लोगो का रजिस्ट्रेशन किया गया है, जिसमे स्कील श्रेणी में 279, अनस्किल श्रेणी में 3505 तथा 168 छात्र, महिला एवं बुजुर्ग व्यक्ति है. बैठक में उपायुक्त ने बताया कि हम सभी मिलकर एक साथ कोरोना संक्रमण के प्रसार से लड़ रहे हैं. इस दौरान रोजगार एक विशेष मुद्दा है जिसके लिए पुनः रोजगार हेतु जिलावासियो को अब अन्य राज्य में जाना पड़ेगा. इस कारण सभी आपसी समन्वय स्थापित कर जिले के लोगो को जिले में रोजगार उपलब्ध कराए जिससे जिले के लोगो को रोजगार हेतु अन्य राज्यो में ना जाना पड़े. बैठक के दौरान उपायुक्त ने बताया कि इसी उदेश्य से जिला प्रशासन द्वारा कोविड-19 पीपल ट्रैकिंग ऐप का उपयोग कर जिले में वापस आ रहे सभी प्रवासी मजदूरों का रजिस्ट्रेशन किया जा रहा है. इस ऐप के माध्यम से रजिस्टर्ड व्यक्तियों का होम क्वॉरेंटाइन अवधि का भी लगातार ट्रैकिंग किया जा रहा है. रजिस्ट्रेशन के पूर्व सभी श्रमिकों का थर्मल स्क्रीनिंग एवं आवश्यक चिकित्सीय जांच किया गया है तथा सभी श्रमिकों को 14 दिन आवश्यक रूप से होम क्वॉरेंटाइन रहने का निर्देश भी दिया गया है. बैठक में उपायुक्त ने सभी उद्योगपतियों के साथ वार्ता करते हुए कार्य एवं कार्य के दौरान आने वाली समस्याओं की जानकारी ली. इस दौरान उधोगपयियो ने कोरोना काल में जिला प्रशासन एवं स्थानीय आम जनता हेतु आवशयकतानुसार हर संभव सहयोग करने की बात कही. बैठक के दौरान उपायुक्त ने श्रम अधीक्षक सरायकेला खरसावां राकेश सिन्हा को सीएसआर ग्रुप एवं मेल आईडी के माध्यम से सभी उद्योगपतियों तक रजिस्टर्ड श्रमिकों का लिस्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. बैठक के दौरान उप विकास आयुक्त संजय कुमार, डीआरडीए निदेशक मुस्तकीम अंसारी, श्रम अधीक्षक राकेश सिन्हा, लेबर इंस्पेक्टर, जिला नियोजन पदाधिकारी एवं जिला जनसंपर्क पदाधिकारी उपस्थित थे.







