
सरायकेला : झारखंड के सरायकेला-खरसावां पुलिस ने कपाली थाना अंतर्गत डागोडीह निवासी राजू उरांव की अपहृत पत्नी मंजू उरांव को उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के प्रतापपुर से बरामद कर लिया है. साथ ही अपहरणकर्ता अनुपम राजपूत को भी गिरफ्तार कर लिया है. वहीं एक अन्य महिला को भी सरायकेला पुलिस ने बरामद किया है, जो कपाली की ही रहनेवाली है, जो अपहरणकर्ता की पत्नी बतायी जा रही है. वैसे सभी को आज जिला पुलिस ने न्यायालय में प्रस्तुत किया. जहां से अपहरणकर्ता अनुपम राजपूत को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
घटना के संबंध में जानकारी देते हुए जिले के एसपी मोहम्मद अर्शी ने बताया कि पिछले महीने 26 जून को वादी राजू उरांव ने अपने पत्नी के अपहरण की शिकायत कपाली ओपी में दर्ज कराई थी. जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों को उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले से गिरफ्तार किया है. बताया जाता है की दो साल पहले भी अनुपम राजपूत ने कपाली की एक महिला को अगवा कर लिया था. जिससे बाद में उसने शादी कर ली थी. उससे एक बच्चा भी है. एसपी ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. वैसे यह संभावना जतायी जा रही है कि लव जेहाद या फिर मानव तस्करी के लिए ही लड़के द्वारा कपाली क्षेत्र में लड़कियों और महिलाओं का अपहरण किया जाता था और उससे शादी रचायी जाती थी. पुलिस इस पूरे मामले की गुत्थी को सुलझाने का प्रयास कर रही है. इस संबंध में अब तक पूरी जांच नहीं हो पायी है. वैसे लड़के का नाम पुलिस ने अनुपम राजपूत ही बताया है कि उसको मोहम्मद नूर के रुप में बताया जा रहा था, जिसको लेकर अब तक स्थिति स्पष्ट नहीं हो पायी है.





