
सरायकेला : बुधवार को प्रेस क्लब ऑफ सरायकेला-खरसावां के पदाधिकारियों ने जिले के प्रभारी उपायुक्त एवं सरायकेला एसडीओ से शिष्टाचार मुलाकात कर जिला प्रेस क्लब के गठन की औपचारिक जानकारी दी. इस दौरान क्लब द्वारा बैठक का मीटिंग मिनट्स, निबंधन और सदस्यों के हस्ताक्षर की प्रतिलिपि भी सौंपी. गौरतलब है कि बीते 21 मार्च को सरायकेला परिसद में द प्रेस क्लब ऑफ सरायकेला-खरसावां के गठन पर जिले के लगभग 40 पत्रकारों ने एक सुर में मुहर लगाते हुए मनमोहन सिंह राजपूत को सर्वसम्मति से अध्ययन चुना था. बैठक में 4 अप्रैल तक कमेटी विस्तार की प्रक्रिया पूरी करने पर सहमति बनी थी. बुधवार को उपायुक्त से शिष्टाचार मुलाकात के दौरान द प्रेस क्लब ऑफ सरायकेला-खरसावां के अध्यक्ष मनमोहन सिंह राजपूत के साथ दर्जन भर सदस्य पत्रकार मौजूद रहे. इस दौरान उपायुक्त अरवा राजकमल ने पत्रकारों लोकतंत्र का चौथा स्तंभ बताते हुए हर संभव सहयोग करने एवं सरकारी योजनाओं का लाभ मुहैया कराने का भरोसा दिलाया. उपायुक्त ने जिला प्रशासन के कार्यों को धरातल पर उतारने में मीडिया कर्मियों की भूमिका को अहम बताया. उपायुक्त ने पूरी टीम को शुभकामनाएं देते हुए हर कदम पर साथ चलने का भरोसा दिलाया. वहीं क्लब के सदस्य जिले के एसपी एवं एसडीपीओ से भी मिलने पहुंचे, जहां उन्होंने दोनों पदाधिकारियों को जिला प्रेस क्लब के गठन से सम्बंधित सूची सौंपी. इस दौरान अध्यक्ष के साथ, मनोज सिंह, प्रमोद सिंह, पारस नाथ ठाकुर, रासबिहारी मंडल, सुदेश कुमार, नवीन प्रधान, राजेश ठाकुर, संतोष कुमार व अन्य सदस्य पत्रकार मौजूद रहे.



