
जमशेदपुर : जमशेदपुर भाजपा के नेताओं द्वारा बुधवार को युगांतर भारती को लेकर लगाये गये गंभीर आरोपों का जवाब युगांतर भारती ने दिया है. युगांतर भारती के सचिव आशीष शीतल ने इसको लेकर पूछे गये सवाल का जवाब देते हुए कहा कि यह आरोप गलत है कि सरकार से किसी तरह का अनैतिक लाभ युगांतर भारती ने लिया है. युगांतर भारती ने दामोदर नदी को बचाने के लिए आंदोलन चलाया और उस आंदोलन का फलाफल है कि आज नदी स्वच्छ और अविरल बह रही है. इसको लेकर अभी भी युगांतर भारती काम कर रही है. विधायक सरयू राय के मंत्री रहते हुए विभाग से एक भी रुपये का काम हम लोगों ने नहीं लिया है और ना ही सरयू राय उनके किसी भी पद पर रहे है. संरक्षण कई लोगों का इस संस्था को है और उसमें से एक संरक्षक सरयू राय भी है. सरयू राय के खिलाफ भाजपाइयों का गुस्सा और चिड़चिड़ाहट दिखा रहा है कि इस तरह का अनर्गल आरोप एक स्वयंसेवी संस्था पर लगाया जा रहा है, जिसका कोई आधार नहीं है. एक आधारहीन आरोप के माध्यम से राजनीति किया जाना गलत है. उन्होंने कहा कि सरयू राय ना तो कभी युगांतर भारती के पदाधिकारी रहे है और ना अभी है. ऐसे में उनका नाम लेकर युगांतर भारती का नाम घसीटना सरासर गलत है. भाजपा नेताओं के पास आधा-अधूरी जानकारी है, जो हमेशा नुकसानदेह होता है.





