
सरायकेला : सरायकेला खरसावां जिला के उपायुक्त के निर्देश पर जिला खनन विभाग की टीम ने बीती रात चांडिल और तिरुलडीह थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थलों पर औचक निरीक्षण अभियान चलाया. इस दौरान थाना प्रभारी और स्थानीय पुलिस बल भी मौजूद रहे. अभियान का मुख्य उद्देश्य खनिजों के विधि- सम्मत एवं पारदर्शी परिवहन की निगरानी करना और अवैध खनन व परिवहन पर नियंत्रण सुनिश्चित करना था. (नीचे देखे पूरी खबर)
जांच के दौरान खनिज लदे वाहनों को रोककर उनके परिवहन संबंधी अभिलेख, चालान और मात्रा की विधिवत जांच की गई. इसी क्रम में चांडिल थाना अंतर्गत घोड़ानेगी में एक हाइवा (संख्या जेएच 05इबी -1277) को अवैध रूप से बालू परिवहन करते पकड़ा गया. वाहन को जब्त कर थाना को सुपुर्द कर दिया गया है. साथ ही वाहन मालिक और चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर विधि- सम्मत कार्रवाई शुरू कर दी गई है. जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर सतपथी ने कहा कि अवैध खनन या खनिज परिवहन की किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. दोषियों के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाएगी.














