जमशेदपुर : जमशेदपुर के साकची स्थित अग्रसेन भवन में आयोजित मारवाड़ी समाज जमशेदपुर के समाज के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों का सम्मान एक भव्य एवं गरिमामय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता एवं मानगो की नवर्निर्वाचित महापौर सुधा गुप्ता की गरिमामय उपस्थित में सरायकेला के नवनिर्वाचित नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी का जोरदार स्वागत एवं सम्मान किया गया. इस अवसर पर पूर्वी सिंहभूम जिला अंतर्गत विभिन्न प्रखंडों एवं क्षेत्रों में चाकुलिया, घाटशिला, मुसाबनी सहित जमशेदपुर के सभी मंडलों के प्रतिनिधियों ने एकजुट होकर उनका अभिनंदन किया. कार्यक्रम के दौरान श्री चौधरी को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया. इस आत्मीय सम्मान से अभिभूत एवं भावुक होते हुए मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि सेवा और परोपकार मारवाड़ी समाज की पहचान है और यह उनके संस्कारों में रचा-बसा है. उन्होंने कहा कि मारवाड़ी समाज में जन्म लेना उनका सौभाग्य है और समाज के सम्मान व गौरव के लिए वे सदैव तत्पर रहेंगे. (नीचे भी पढ़ें)

उन्होंने आगे कहा कि समाज के महान विभूतियों जैसे भामाशाह, जमुनालाल बजाज, डॉ राम मनोहर लोहिया एवं घनश्याम दास बिरला से प्रेरणा लेते हुए वे अपना जीवन दीन-दुखियों, गरीबों और जरूरतमंदों की सेवा में समर्पित करने के लिए संकल्पित हैं. श्री चौधरी ने इस सम्मान के लिए उमेश साह ओर आयोजन को सफल बनाने में शामिल मारवाड़ी समाज के सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें और अधिक जिम्मेदारी के साथ जनसेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य लोग एवं सदस्य उपस्थित थे, जिन्होंने इस अवसर को उत्सवमय बना दिया.



