सरायकेला : जिले के एसपी मुकेश कुमार लुनायत के नेतृत्व में शनिवार को अलग-अलग थाना क्षेत्रों में अफीम की अवैध खेती के विरुद्ध चलाये गये अभियान के दौरान करीब 19 एकड़ में लगी अफीम की अवैध फसल को पुलिस और ग्रामीणों ने नष्ट कर दिया. इस विशेष अभियान के दौरान पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने स्वयं खरसावां, कुचाई एवं दलभंगा ओपी क्षेत्रों में हो चल रहे विनष्टीकरण अभियान का निरीक्षण किया. इसमें पुलिस अधीक्षक ने ड्रोन कैमरे की मदद से क्षेत्र में हो रही अफीम की अवैध खेती का निरीक्षण किया. (नीचे भी पढ़ें)

शनिवार को हुई विनष्टीकरण की कार्रवाई के तहत कुचाई थाना अंतर्गत जोड़ा सारजोम में करीब 03 एकड़ में की गई अफीम की अवैध खेती को नष्ट किया गया एवं खेती करने में संलिप्त एक अभियुक्त को गिरफ्तार भी किया गया. वहीं ईचागढ़ थाना क्षेत्र के सालुकडीह गांव में करीब एक एकड़ में की गई अवैध अफीम की खेती को नष्ट किया गया. इसी तरह दलभंगा ओपी अंतर्गत सियाडीह टोला के नवाडीह में करीब 10 एकड़ में की गई अफीम की अवैध खेती को विनष्ट करा दिया गया. यहां अफीम की खेती करने में शामिल दो लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है. (नीचे भी पढ़ें)

इसके अलावा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे जागरूकता अभियान से प्रभावित होकर, दलभंगा ओपी अंतर्गत बांधडीह गांव में ग्रामीणो द्वारा लगभग 5 एकड़ में हो रही अफीम की अवैध खेती को विनष्ट किया गया है. इसके साथ ही एक फसली वर्ष में जिले में पुलिस एवं ग्रामीणों ने मिलकर कुल 498 एकड़ जमीन पर हो रही अफीम की अवैध खेती को विनष्ट किया है. शनिवार को पुलिस ने अफीम की अवैध खेती में शामिल तीन अभियुक्तों को भी गिरफ्तार किया है. अफीम की अवैध खेती में इस साल कुल 12 व्यक्तियो को गिरफ्तार किया गया है. (नीचे भी पढ़ें)

बता दें कि झारखंड पुलिस महानिदेशक की ओर से आगामी 15 फरवरी तक राज्य को अफीम की खेती से मुक्त करने का निर्देश जारी किया गया है. सरायकेला- खरसावां जिले में लगभग 550 एकड़ जमीन पर अवैध अफीम की खेती होने का अनुमान है. शनिवार तक जिला पुलिस कप्तान के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत कुल 498 एकड़ जमीन पर की गई अफीम की अवैध खेती को ग्रामीणों के सहयोग से विनष्ट किया जा चुका है. एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने बताया कि तय समय से पहले जिले को अफीम की खेती से मुक्त करा लिया जाएगा. उन्होंने ग्रामीणों से अफीम की अवैध खेती को अविलंब नष्ट करने की अपील करते हुए चेतावनी भी दी है कि यदि कोई अफीम की अवैध रूप से खेती करते पकड़ा गया तो उसके खिलाफ विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी. साथ ही, संबंधित थाना प्रभारियों को भी निर्देश देते हुए कहा है कि यदि दोबारा उनके क्षेत्र में अफीम की खेती होती पाई जाती है तो उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी.



