गम्हारिया : सरायकेला खरसावां जिले के गम्हारिया थाना पुलिस ने सरकारी शराब दुकान में पिस्टल के बल पर रंगदारी मांगने और दहशत फैलाने वाले एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान आदित्यपुर थाना क्षेत्र के बोलाईडीह रोड नंबर-06 निवासी मयंक बारी उर्फ गुल्लू (31 वर्ष) के रूप में हुई है. पुलिस ने उसके पास से घटना में प्रयुक्त एक देशी सेमी ऑटोमेटिक पिस्टल और एक मैगजीन बरामद किया है. इस संबंध में आदित्यपुर के कुंज बिहार अपार्टमेंट निवासी निशांत झा ने गम्हारिया थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत के अनुसार 7 अप्रैल को छोटा गम्हारिया स्थित केपीएस रोड की सरकारी शराब दुकान पर अज्ञात अपराधियों ने धावा बोला था. अपराधियों ने पिस्टल का भय दिखाकर रंगदारी की मांग की और जबरन शराब भी लूट ली. (नीचे भी पढ़ें)

घटना की गंभीरता को देखते हुए 9 अप्रैल को गम्हारिया थाना में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई. एसपी के निर्देश पर एक विशेष जांच दल का गठन किया गया. गम्हारिया थाना प्रभारी रामचंद्र रजक के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. उसकी निशानदेही पर हथियार भी बरामद किया गया. एसडीपीओ ने बताया कि मयंक बारी का आपराधिक इतिहास रहा है. वर्ष 2017 में उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट और 2018 में छेड़खानी, चोरी व पोक्सो एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं. इस कार्रवाई में थाना प्रभारी के साथ एसआई सुबोध कुमार दास, अरुण कुमार महतो, मनोज कुमार और हवलदार चमरू मुंदैया की अहम भूमिका रही. फिलहाल पुलिस आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजते हुए मामले की आगे जांच कर रही है.














