जमशेदपुर: सरायकेला खरसावां जिले के चांडिल अनुमंडल अंतर्गत कपाली ओपी पुलिस को वर्ष 2022 के एक पुराने आपराधिक मामले में बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी मो. फिरोज आलम को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है.पुलिस के अनुसार चांडिल (कपाली ओपी) थाना कांड संख्या 189/22, दिनांक 18 अगस्त 2022 के अप्राथमिकी अभियुक्त मो. फिरोज आलम (पिता- मो. कलीम), निवासी इस्लामनगर, कपाली, पिछले कई वर्षों से फरार था. आरोपी के खिलाफ जाकिर हुसैन के साथ धक्का-मुक्की, मारपीट और रंगदारी मांगने का मामला दर्ज किया गया था. यह घटना हासाडुंगरी स्थित एक ईंट भट्ठा के समीप हुई थी.(नीचे भी पढे)
मामले की जांच के दौरान पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही थी. कई बार उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई, लेकिन वह पुलिस को चकमा देकर फरार होने में सफल रहा. हाल ही में मिली गुप्त सूचना के आधार पर कपाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया.गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है. स्थानीय लोगों ने आरोपी की गिरफ्तारी पर संतोष जताते हुए कहा कि इससे क्षेत्र में कानून व्यवस्था के प्रति लोगों का विश्वास और मजबूत होगा. वहीं कपाली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फरार आरोपियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और किसी भी अपराधी को कानून से बचने नहीं दिया जाएगा.






