
सरायकेला : कोरोना वायरस के संक्रमण के खतरे को लेकर देशभर में लॉकडाउन है. वहीं सभी कामकाज ठप हो गए है. मजदूरों का जीवन निर्वाह करना कठिन हो गया है. वहीं सरायकेला पुलिस ऐसे विषम परिस्थिति के बीच पीड़ित मानवता की सेवा में लगातार काम कर रही है. वैसे जिले के तिरुलडीह थाना पुलिस ने मानवता की मिशाल पेश करते हुए, ओडिसा के झारसुगुड़ा से पश्चिम सिंहभूम जिला के गोईलकेरा थाना तक पैदल चलकर पहुंचे 9 मजदूरों की सूचना पर थाने की गाड़ी भेजकर गोईलकेरा थाना से तिरुलडीह थाना ले आई, और सभी 9 मजदूरों को उनके घरों तक सकुशल पहुंचा दिया है. वहीं इन मजदूरों में 4 मजदूर पश्चिम बंगाल के बागमुंडी थाना क्षेत्र के सालडबरा गांव के थे, और 4 मजदूर तिरुलडीह थाना क्षेत्र के चौड़ा व पाड्रा गांव के थे. वही एक मजदूर नीमडीह थाना क्षेत्र के मुरु गांव के रहनके वाला था. उधर अपनों के बीच पहुंचते ही मायूस मजदूरों के चेहरों पर खुशी साफ देखी गई. इतना ही नहीं तिरुलडीह थाना प्रभारी सुभाष चंद्र सिंह ने मानवता का एक और परिचय दिया जहां उनके द्वारा तिरुलडीह थाना क्षेत्र के सपादा गांव के एक डायलिसिस के मरीज़ रघुनाथ सिंह मुंडा को पॉकेट मनी देकर गाड़ी की व्यवस्था कर जमशेदपुर ईलाज के लिए भेजा है.







