
सरायकेला : सरायकेला खरसावां पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. सरायकेला-खरसावां जिले के कुचाई थाना के दलभंगा ओपी पुलिस ने रांची जिले के बुंडू थाना अंतर्गत गोसाईडीह निवासी 27 वर्षीय अजीत महाली उर्फ़ जीतू उर्फ जीतलाल महाली को चोरी के चार मोटरसाइकिलों के साथ गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. इस संबंध में जानकारी देते हुए कुचाई थाना प्रभारी ने बताया कि कुचाई थाना कांड संख्या 10/ 21, दिनांक2 30/ 03/ 21 में दलभंगा निवासी वादी स्टीफन मुंडा के शिकायत के आलोक में सरायकेला-खरसावां जिले के एसपी के निर्देश पर प्रोफेशनल तरीके से जांच के क्रम में इस मामले का खुलासा हो सका है. उन्होंने बताया कि वादी की मोटरसाइकिल चोरी हो गई थी, जिसके बाद जांच के क्रम में युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ किया गया. साथ ही पुलिस ने उसके पास से चोरी गए 4 बाइक भी बरामद किए. युवक ने अपने स्वीकारोक्ति बयान में बताया कि वह जमशेदपुर और सरायकेला-खरसावां जिले के अलग-अलग इलाकों में बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था और सुदूरवर्ती इलाकों के ग्रामीणों को बेचा करता था. जांच के क्रम में पाया गया कि वह पूर्व में भी कई मामलों में जेल जा चुका है. जमशेदपुर के सोनारी और सरायकेला के चौका एवं कुचाई थाने में उसके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं.







