
जमशेदपुर : भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्व राजीव गांधी की पुण्यतिथि जमशेदपुर व आसपास के हिस्सों में में जगह-जगह मनायी गयी. इस अवसर पर युवा कॉंग्रेस के जिलाध्यक्ष संजीव रंजन के नेतृत्व में टेल्को, गोलमुरी मे के कई जगहों पर मास्क, सैनिटाइजर एवं खाद्य सामग्रियों का वितरण किया गया, जिसमें कई फ्रंट लाइन वर्कर्स और निचले तबके के लोग शामिल थे. जिलाध्यक्ष संजीव रंजन ने कहा कि स्व राजीव गांधी की सोच युवा पीढ़ी को आगे रखना था, जिसको लेकर कई तरह की योजनाओं को उन्होंने लागू किया. आज भारत आईटी के क्षेत्र में अग्रसर है, तो इसका श्रेय राजीव गांधी जी को ही जाता है. आज पूरे देश में अराजकता का माहौल बना हुआ है जिसकी परिकल्पना किसी ने नहीं की थी. आज इस आपदा में केंद्र सरकार मूकदर्शक बनी हुई है. लोग मर रहे हैं लोगों की आजीविका समाप्त हो रही है मगर भाजपा नीत मौजूदा केंद्र सरकार के कान में जू नहीं रेंग रही है. कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष संजीव रंजन, पूर्वी विधानसभा अध्यक्ष बिजेंद्र साहू, बिरसा नगर थानाध्यक्ष रोहित पाल, मंगल कुमार, धीरज कुमार, सुबोध कुमार व अन्य शामिल थे.

झारखंड असंगठित कामगार कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष शैलेश पांडे के नेतृत्व में विभिन्न इलाकों मे मास्क एवं सैनिटाइजर का वितरण
पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर जमशेदपुर शहर के विभिन्न इलाकों में झारखंड प्रदेश असंगठित कामगार कांग्रेस के बैनर तले प्रदेश के कार्यकारी अध्यक्ष ओंकार नाथ पांडे उर्फ शैलेश पांडे के नेतृत्व में कोरोना काल के जन जागरण अभियान के तहत जरूरतमंदों के बीच मास्क एवं सैनिटाइजर का वितरण किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत जिला कांग्रेस कार्यालय तिलक पुस्तकालय से की गयी, जहां कांग्रेस जिला अध्यक्ष विजय खान, जमशेदपुर पश्चिमी विधानसभा के विधायक प्रतिनिधि मनोज झा, अखिल भारतीय असंगठित कामगार कांग्रेस की राष्ट्रीय को-ऑर्डिनेटर शहनाज रफीक एवं झारखंड प्रदेश असंगठित कामगार कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष शैलेश पांडे ने बिष्टुपुर तिलक पुस्तकालय के समीप ठेला लगाने वाले फल विक्रेताओं को मास्क एवं सैनिटाइजर देकर किया गया। पुन: शैलेश पांडे के नेतृत्व में कारवां महात्मा गांधी मेमोरियल अस्पताल पहुंचा जहां 500 जरूरतमंदों के बीच मास्क और सैनिटाइजर का वितरण किया गया। वही शहर के विभिन्न इलाकों मे चेक पोस्ट पर तैनात पुलिसकर्मियों के बीच मास्क एवं सैनिटाइजर का वितरण किया गया जिसमें मुख्य रुप से शहनाज रफीक, शैलेश पांडे, एसआरके कमलेश उषा यादव, सुरेंद्र शर्मा, राकेश साहू, अभिजीत सिंह, अशोक सिंह सहित अन्य लोग शामिल थे। दूसरी तरफ शैलेश पांडे की टीम ने असंगठित कामगार कांग्रेस के बैनर तले बारीडी बाजार बिरसानगर बाजार से थोड़ा बाजार सहित अन्य इलाकों में सब्जी विक्रेता मछली विक्रेता एवं दैनिक मजदूरी करने वाले 400 लोगों के बीच मास्क एवं सैनिटाइजर का वितरण किया तथा उन लोगों को कोरोना का वैक्सीन लेने के लिए जागरूक किया। इस अभियान में मुख्य रूप से अंजन रॉय, रोहित कुमार, हर्ष पांडे, यशवंत कुमार , अभिजीत बोस, ऋषभ श्रीवास्तव सहित अन्य ने सराहनीय भूमिका निभाई।

राकेश तिवारी ने 125 पुरोहितों के बीच किया खाद्यान्न का वितरण
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कोल्हान प्रमंडल के प्रवक्ता राकेश तिवारी ने शुक्रवार को भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्व राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर सोनारी में 125 ब्राह्मण पुरोहितों और जरूरतमंदो के बीच एक महीने का सूखा खाद्यान्न वितरित किया. श्री तिवारी ने इस अवसर पर कहा कि स्व राजीव गांधी आधुनिक भारत के निर्माता थे. संचार क्रांति के जनक थे. उन्होंने ही सबसे पहले पंचायतों को मजबूत करने का सपना देखा था. उन्होंने ही देश के नौजवानों को 18 वर्ष की आयु में मत देने का अधिकार देकर नौजवानों की राष्ट्र के नवनिर्माण में भागीदारी सुनिश्चित की. आज झारखंड में हमारे गठबंधन की सरकार ने स्व राजीव गांधी के सपनों को साकार करते हुए इस कोरोना संक्रमण काल में नौजवानों के स्वास्थ्य की रक्षा को प्राथमिकता में रखते हुए 18 वर्ष से ऊपर वर्ग के आयु वाले लोगों को मुफ्त में वैक्सीन देने का निर्णय लेकर ऐतिहासिक कदम उठाया है. इस कार्यक्रम में श्री हीरा अरकने, पंकज कुमार, जितेंद्र पांडे, किशन मार्डी समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे.




