
सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले में अवैध अफीम की खेती धड़ल्ले से जारी है. जिला पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाए जाने के बाद भी जिले के कुचाई इलाके में अवैध अफीम की खेती की जा रही है. वैसे एकबार फिर से गुप्त सूचना के आधार पर एसडीपीओ और एएसपी अभियान के नेतृत्व में कुचाई थाना अंतर्गत सियाडीह, पोड़ाडीह और जोजोहातु जंगल के किनारे नदी से सटे लगभग छः किलोमीटर क्षेत्र के 30 एकड़ के क्षेत्र में फैले अफीम की खेती को नष्ट किया गया. वहीं जिला पुलिस की ओर से अवैध अफीम की खेती के कारोबारियों और जमीन मालिकों की जानकारी जुटाई जा रही है. बताया जा रहा है, कि जमीन मालिकों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कारवाई किया जाएगा. वैसे एक पखवाड़े के भीतर जिला पुलिस की ओर से अवैध अफीम के खिलाफ यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है.






