सरायकेला : सरायकेला खरसावां जिले में अवैध अफीम की खेती की रोकथाम को लेकर पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत के निर्देश पर 8 सितंबर से जिलेभर में प्री-कल्टीवेशन ड्राइव चलाया जा रहा है, जो 22 सितंबर तक जारी रहेगा. इस अभियान के तहत गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है और अवैध अफीम की खेती न करने की अपील की जा रही है. इसी कड़ी में गुरुवार को सरायकेला टाउन हॉल में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत और रांची से आई एनडीपीएस टीम ने ग्रामीणों को अफीम की खेती के दुष्परिणामों से अवगत कराया. लोगों को कानूनी पेचीदगियों और नुकसान की जानकारी दी गयी तथा अवैध अफीम की खेती न करने की शपथ भी दिलाई गयी. पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने बताया कि राज्य सरकार और पुलिस मुख्यालय के दिशा-निर्देश में यह अभियान शुरू किया गया है. (नीचे भी पढ़ें)

सरकार का उद्देश्य किसानों को पारंपरिक और वैध खेती की ओर प्रोत्साहित करना है. उन्होंने कहा कि कार्यशाला के जरिए ग्रामीणों को बताया जा रहा है कि अवैध अफीम की खेती से न केवल कानूनी कार्रवाई होती है बल्कि सामाजिक और आर्थिक नुकसान भी झेलना पड़ता है. बताया गया कि पिछले साल जिले में लगभग 650 एकड़ में अवैध अफीम की खेती नष्ट की गई थी और दो दर्जन से अधिक लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया था. इस बार पुलिस की कोशिश है कि जिले में अवैध अफीम की खेती को शत-प्रतिशत रोका जा सके. इस मौके पर मुख्यालय डीएसपी प्रदीप उरांव, चांडिल एसडीपीओ अरविंद बिन्हा, थाना प्रभारी, जांच अधिकारी, किसान और रैयत बड़ी संख्या में मौजूद रहे.



