सरायकेला : सरायकेला खरसावां जिले की नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक (एसपी) निधि द्विवेदी ने सोमवार देर शाम सरायकेला थाना का औचक निरीक्षण किया. पदभार संभालने के बाद विधि-व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने के उद्देश्य से एसपी ने थाने के विभिन्न विभागों का बारीकी से जायजा लिया और थाना प्रभारी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. निरीक्षण के दौरान एसपी ने सामान्य थाने के साथ-साथ परिसर में संचालित अनुसूचित जाति-जनजाति थाना, महिला थाना, बाल मित्र थाना, हाजत एवं आगंतुक कक्ष जैसे महत्वपूर्ण विंग्स का भी बारीकी से जायजा लिया. इस क्रम में उन्होंने थाना प्रभारी विनय कुमार के साथ क्षेत्र में अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों की स्थिति और कानून-व्यवस्था की चुनौतियों पर विस्तृत चर्चा की तथा थाना परिसर की स्वच्छता एवं व्यवस्थित कामकाज को संतोषजनक पाते हुए प्रभारी के कार्यों की सराहना की. (नीचे भी पढे़ं)
निरीक्षण के दौरान एसपी निधि द्विवेदी का मुख्य जोर बाल मित्र थाना पर रहा, जहां उन्होंने इसे बच्चों के लिए एक भयमुक्त और सहज स्थान बनाने के उद्देश्य से थाने के आंतरिक हिस्से (इंटीरियर) को पूरी तरह चाइल्ड फ्रेंडली स्वरूप देने के निर्देश दिए. उन्होंने विशेष रूप से फर्श पर मैट बिछाने और दीवारों पर रंगीन सजावट करने को कहा, ताकि बच्चे वहां सुरक्षित और आकर्षक वातावरण महसूस कर सकें. निरीक्षण के उपरांत एसपी ने पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की. उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि जितने भी पुराने और लंबित मामले हैं, उनका निष्पादन त्वरित गति से किया जाए. उन्होंने पुलिस बल को जनता के प्रति संवेदनशील रहने और अपराध नियंत्रण के लिए मुस्तैदी से कार्य करने को कहा.



