सरायकेला : सरायकेला- खरसावां जिला पुलिस ने राजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ईचा ग्राम से तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है. इस संबंध में पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने बताया कि शनिवार देर रात सूचना प्राप्त हुई कि राजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ईचा में कुछ अपराधी हथियार के साथ एक घर में घुसने का प्रयास कर रहे हैं. आशंका जताई गई कि अपराधी लूटपाट की बड़ी घटना को अंजाम देने के उद्देश्य से आये हैं. इसके पश्चात अपराधियों को पकड़ने के लिए सरायकेला अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी समीर सवैयां के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया, जिसने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार अपराधियों में वीरेंद्र सिंह कुंटिया, पिंटू कुमार रक्षित और आकाश हेम्ब्रम शामिल हैं. (नीचे भी पढ़ें)

पुलिस ने इनके पास से एक अवैध देसी पिस्टल, एक 9एमएम की जिंदा गोली, चार मोबाइल, एक एयरपॉड, एक चिलम और घटना में प्रयुक्त एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद की है. पूछताछ के क्रम में ज्ञात हुआ कि उक्त अपराधी पहले से भी लूट तथा रंगदारी के कई कांडों में आरोपी हैं. तीनों अपराधी मोटरसाइकिल से अवैध देसी पिस्टल एवं गोली के साथ ईचा ग्राम में एक घर में घुसकर लूटपाट करने आए थे. पिंटू कुमार रक्षित, वीरेन्द्र सिंह कुंटिया और आकाश हेम्ब्रम का आपराधिक इतिहास रहा है. छापामारी दल में थाना प्रभारी चंचल कुमार, एएसआइ सुभाष चन्द्र शर्मा, आकाश दीप, नंदजी राम गौंड, राजनगर थाना सशस्त्र बल एवं चौकीदार शामिल थे.














