
Saraikela : झारखंड के सरकारी कार्यालयों का बुरा हाल है. यह जो तस्वीर आप देख रहे हैं, ये है सरायकेला जिले का गम्हरिया प्रखंड सह अंचल कार्यालय. आपको बता दें कि अभी इस कार्यालय को नए भवन में शिफ्ट हुए एक साल भी नहीं हुए हैं कि कार्यालय निर्माण कार्य में भ्रष्टाचार की बू आने लगी है. वैसे तो वैश्विक महामारी के कारण इस कार्यालय में सभी के प्रवेश पर पूरी तरह प्रतिबंध है, लेकिन अंदर से जो सूचनाएं मिल रही है वो ये कि भवन में लगे बिजली के तार शार्ट सर्किट से जल गए हैं और पूरा प्रखंड कार्यालय अंधेरे में है.

हालांकि इंजीनियर बिजली दुरस्त करने में जुट गए हैं, लेकिन अहम सवाल ये है कि आखिर ऐसा कौन सा उपकरण इन भवन में लगा है कि एक साल भी नहीं टिक सका. दूसरा अहम सवाल ये भी है कि बिजली नहीं होने से विभाग को हो रहे राजस्व के नुकसान की भरपाई कौन करे. वैसे सरायकेला जिले में बिजली की आंख मिचौली कोई नई बात नहीं है, लेकिन सरकारी भवनों, वो भी जहां से राजस्व की वसूली हो रही है, में बिजली नहीं होना विचार करने योग्य मामला है. हालांकि अहम सवाल यह भी है कि इस भवन को बने अभी एक साल भी नहीं हुआ है, और यहां के उपकरण खराब होने लगे हैं. निश्चित तौर पर भवन में लगे उपकरणों की जांच जरूरी है.







