
संतोष वर्मा
चाईबासा : चाईबासा शहर में पिछले दो दिनों से पेयजल आपूर्ति बाधित होने की खबर ‘शार्प भारत’ न्यूज पोर्टल में प्रकाशित होने के बाद जनमानस की इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए चाईबासा के विधायक दीपक बिरुवा ने मामले की जांच की और पीएचडी विभाग के कनीय अभियंता धर्मेंद्र कुमार व बिजली विभाग के सहायक अभियंता गौतम राणा तथा पथ निर्माण विभाग के अभियंता के साथ बैठक कर मामले की जांच की. जांच के दौरान विधायक दीपक बिरुवा ने चाईबासा शहर में अंडर ग्राउंड बिजली के 11 हजार वोल्ट वाले तार को बिछाने को लेकर शहर के विभिन्न मोहल्लों में गलत तरीके से सड़क की खुदाई का कार्य संवेदक कृष्णा इलेक्ट्रिक इंडस्ट्रीज (केईआई) के द्वारा काराया जा रहा था। जबकि ठेकेदार द्वारा न पथ निर्माण विभाग और न ही पीएचडी विभाग से सड़क खुदाई के लिए एनओसी ली गई थी.
अवैध तरीके से सड़क खुदाई किये जाने के कारण पीएचईडी विभाग की पानी की पाइप लाइन बड़ी बाजार, मेरी टोला मार्ग व अन्य स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गई है। यही हाल अन्य मोहल्लों में भी है। जिससे पाइप लाइन का पानी सड़कों पर बह रहा है, दूसरी ओर विगत दो दिनों से चाईबासा में पेयजल की आपूर्ति बाधित है आम लोग पेयजल की समस्या से जूझ रहे हैं। इसका मुख्य कारण बिजली के तारों को बिछाने वाले ठेकेदार एवं पीएचईडी विभाग के बीच आपसी सामंजस्य न होना बताया जा रहा है। इधर विधायक दीपक बिरुवा ने कहा कि चाईबासा शहर में बिजली का तार बिछाने का कार्य कितने की लागत से हो रहा है, इसकी जानकारी भी संवेदक को नहीं है. कोल्हान में 400 करोड़ की लागत से अंडरग्राउंड बिजली का तार बिछाने का कार्य चल रहा है. इन सभी मामलों को लेकर विधायक दीपक बिरुवा ने जमकर फटकार लगायी और कहा कि पथ निर्माण विभाग और पीएचडी विभाग से बगैर एनओसी लिए काम शुरू किया गया तो अब संवेदक कृष्णा इलेक्ट्रिक इंडस्ट्रीज (केईआई) के विरुद्ध स्थानीय थाना में मामला दर्ज कराया जायेगा. इस दौरान कानूनी सलाहकार राजाराम गुप्ता भी उपस्थित थे.







