
जमशेदपुर : बदलते जमाने की मीडिया के रुप में पहचान बना चुकी www.sharpbharat.com की खबर का असर भी देखने को मिला है. शार्प भारत ने अब से कुछ घंटे पहले ही यह खबर जारी की थी कि परसुडीह थाना क्षेत्र के सरजामदा स्थित जाहेरटोला और लुपुंगटोला में लोगों को राशन तक नहीं मिल रहा है. गरीब परिवार यहां गुजर-बसर करते है, लेकिन उनको राशन तक नहीं मिल पा रहा है. लॉकडाउन में पहले से ही रोजगार नहीं मिल रहा है और ऊपर से राशन की भी कमी हो चुकी है. ऐसे में लोगों के सामने काफी मुश्किलें है.
इस खबर के जारी होते ही जमशेदपुर के जिला परिषद उपाध्यक्ष राजकुमार सिंह खुद हरकत में आये. उन्होंने तत्काल अपनी पूरी टीम को उस इलाके में रवाना किया. चावल और दाल के साथ पूरी टीम को वहां काम पर लगाया और सबके बीच जितना हो सका, तत्काल राशन का वितरण कराया, जिससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली. इसके अलावा लोगों को यह भी आश्वासन दिया कि और भी राशन दिया जायेगा, जरूरतमंदों के बीच हर जरूरी सामानों का वितरण कर दिया जायेगा.
इस दौरान लोगों ने शार्प भारत के प्रति आभार भी जताया और कहा कि जनता की आवाज अगर नहीं उठती तो राशन तक नहीं पहुंच पाता. गौरतलब है कि जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र के सरजामदा स्थित जाहेरटोला और लुपुंगटोला में गरीबों को राशन नहीं मिल पा रहा था. इन सारे इलाके में गरीब लोग रहते है. पति कमाने नहीं जा पा रहा है जबकि बच्चे और परिवार भूखे रहने को मजबूर थे. इसकी सूचना मिलने के बाद हमारी टीम वहां पहुंची और हालात की जानकारी को जनता से लेकर प्रशासन तक पहुंचाया, जिसके बाद सबको राशन मिल पाया.







