
जमशेदपुर : जमशेदपुर पुलिस द्वारा आपत्तिजनक पोस्ट करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है. धार्मिक उन्माद बढ़ाने वाले पोस्ट को लेकर लगातार जांच और छापामारी की जा रही है और गिरफ्तारियां हो रही है. इस कड़ी में जमशेदपुर के साइबर थाना की पुलिस ने मानगो के सहारा सुंदरवन निवासी अब्दुल माजित के पुत्र खालिद माजिद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. पुलिस ने उसको उसके घर से गिरफ्तार किया और जिस मोबाइल से फेसबुक पर पोस्1ट किया था, उस मोबाइल को भी जब्त कर लिया है. उसके खिलाफ धार्मिक उन्माद फैलाने के साथ साथ आइटी एक्ट के सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दायर कर जेल भेजा गया है. इसको लेकर लगातार पुलिस की ओर से जांच की जा रही है. वैसे पुलिस ने इससे पहले साइबर थाना से ही चार लोगों को शुक्रवार को जेल भेजा था. जेल जाने वालों में कांग्रेसी नेता राकेश साहू, बलदेव सिंह, मुमताज और रामनारायण सिंह नामक लोगों को जेल भेज दिया था. सरायकेला-खरसावां पुलिस ने शुक्रवार को ही एक पुलिस कांस्टेबल समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. इस मामले को लेकर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और राज्य के डीजीपी का स्पष्ट आदेश है कि इस तरह के भड़काऊ पोस्ट करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्ती बरते और ऐसा करने वालों को सीधा जेल भेज दें ताकि धार्मिक उन्माद को रोका जा सके. इसको देखते हुए फेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम समेत तमाम सोशल मीडिया पर नजर रखी जा रही है.







