जमशेदपुर : सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने मुख्यमंत्री से कोई और विकल्प उपलब्ध होने तक राज्य में भी प्लास्टिक के उपयोग पर प्रतिबंध में राहत दिये जाने की मांग की है. चैंबर अध्यक्ष विजय आनंद मूनका एवं मानद महासचिव मानव केडिया ने इस संबंध में मुख्यमंत्री से आग्रह किया है. (नीचे भी पढ़ें)
दोनों पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री का ध्यान आकर्षित कराते हुए कहा है कि केंद्र सरकार द्वारा किसी भी प्रकार के प्लास्टिक के उपयोग पर रोक लगाये जाने के बाद झारखंड में भी प्लास्टिक को प्रतिबंधित कर दिया गया है, जो पर्यावरण की दृष्टि से बहुत अच्छा भी है, लेकिन इससे उद्योगों एवं व्यवसायियों के साथ ही आम जनता को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है. क्योंकि इसका विकल्प अभी तक उपलब्ध नहीं हो पाया है और विकल्प तलाशने में कुछ समय लगेगा. (नीचे भी पढ़ें)
दोनों पदाधिकारियों ने कहा कि बड़ी संख्या में व्यापारी इसके उद्योग से जुड़े हुए हैं, जिनके परिवार का भरण-पोषण इसी के बल पर होता था. लेकिन प्रतिबंध लगने के बाद वे बेरोजगारी के कगार पर आ गये हैं. इस व्यवसाय से जुड़े व्यापारियों को फिलहाल व्यापार बदलने में समय भी लगेगा. दोनों पदाधिकारियों ने इसके मद्देनजर मुख्यमंत्री से संबंधित नियमों में शिथिलता प्रदान करने का आग्रह किया है, जो सबके लिए उपयोगी साबित हो. उन्होंने महाराष्ट्र सरकार के पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा अपनी पूर्व की अधिसूचना में बदलाव करते हुए व्यवसायियों एवं आम जनता को राहत दिये जाने का जिक्र करते हुए झारखंड में भी एक सीमा तक माइक्रोन के प्लास्टिक के तब तक उपयोग की अनुमति दिये जाने का आग्रह किया है, जब तक कि उसका कोई कारगर विकल्प उपलब्ध नहीं हो जाता.



