जमशेदपुर: जमशेदपुर के गोविंदपुर की रहने वाली शिवानी कुमारी द्वारा दहेज उत्पीड़न और धोखाधड़ी मामले की जांच अब उच्च स्तर पर पहुंच गई है. वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर पूरे मामले की मॉनिटरिंग डीएसपी को सौंपी गई है. पुलिस टीम आरोपियों की भूमिका, घटनाक्रम और सबूतों के हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है.बुधवार को डीएसपी ने पीड़िता शिवानी कुमारी से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी ली और उसका विस्तृत बयान दर्ज किया. जांच के क्रम में पुलिस ने शादी से जुड़े दस्तावेज, फोटो, वीडियो और मोबाइल चैट जैसे कई महत्वपूर्ण साक्ष्य भी अपने कब्जे में ले लिए हैं. अधिकारियों का कहना है कि ये सभी सामग्री मामले की सच्चाई उजागर करने में अहम भूमिका निभाएगी.(नीचे भी पढ़े)
पीड़िता शिवानी का आरोप है कि उसके पति अनिल कुमार राज ने अपनी पहली शादी की जानकारी छिपाकर उससे विवाह किया. सच्चाई सामने आने के बाद न सिर्फ उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया, बल्कि दहेज की मांग को लेकर शारीरिक उत्पीड़न भी किया. उसने बताया कि शादी के कुछ ही दिनों बाद ससुराल पक्ष के सभी लोग मिलकर उस पर दहेज लाने का दबाव बनाने लगे. विरोध करने पर उसे घर से निकाल दिया गया.(नीचे भी पढ़े)
शिवानी ने अपने पति अनिल कुमार राज, ससुर वीर बहादुर पासवान, सास अनिता राज, देवर सुनील कुमार, पहली पत्नी संगीता देवी समेत ससुराल पक्ष के कई सदस्यों को आरोपी बनाया है. सभी आरोपी बिहार के रहने वाले बताए जा रहे हैं. पुलिस की ओर से सभी को नोटिस भेज दिया गया है. अधिकारियों का कहना है कि नोटिस के बाद भी यदि आरोपी जांच में सहयोग नहीं करते हैं, तो उनके खिलाफ गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी.पुलिस का दावा है कि मामले की जांच तेजी से की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जल्द निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा. पीड़िता ने उम्मीद जताई है कि उसे न्याय मिलेगा और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होगी.



