
रामगोपाल जेना
चक्रधरपुर : गोइलकेरा में प्रशासन द्वारा छह नए क्वारन्टीन सेंटर स्थापित किए गए हैं। इन सेंटरों में दूसरे राज्यों में काम करने गए गोइलकेरा प्रखंड क्षेत्र के मजदूरों को लौटने पर क्वारन्टीन किया जाएगा। गोइलकेरा में पुलिस-प्रशासन द्वारा वरीय अधिकारियों के निर्देश पर नए क्वारन्टीन सेंटर बनाए गए हैं। माना जा रहा है कि 14 अप्रैल के बाद लॉक डाउन की अवधि बढ़ने पर दिल्ली, मुम्बई, कोलकाता, चेन्नई जैसे महानगरों के अलावा पड़ोसी राज्यों में काम करने गए इलाके के मजदूर बड़ी संख्या में गोइलकेरा लौटेंगे। इन्हें गोइलकेरा में ही मेडिकल जांच के बाद क्वारन्टीन करने की योजना है। जिसके चलते नए सेंटर बनाए गए हैं। इनमें सेंटर इंचार्ज, फूड इंचार्ज और स्वच्छता के लिए कर्मचारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए गोइलकेरा के एएसआई सुबोध कुमार सिंह और अन्य अधिकारियों को पुलिस बल के साथ तैनात किया जाएगा। गोइलकेरा में दो क्वारन्टीन सेंटर पहले से चल रहे हैं। जिनमें करीब 20 लोग हैं।
व्यवस्थाओं को लेकर थाने में हुई बैठक : क्वारन्टीन सेंटरों पर व्यवस्था बहाल करने को लेकर सोमवार को गोइलकेरा थाने में बीडीओ सुधीर प्रकाश व थाना प्रभारी विकास कुमार ने कर्मचारियों, मुंडा, मानकी, महिला स्वयं सहायता समूहों के साथ बैठक की। बीडीओ ने बताया कि 452 बेड क्षमता के 6 क्वारन्टीन सेंटर बनाये गए हैं। इनमें पंचायतवार श्रमिकों को अलग कर क्वारन्टीन करने की योजना बनाई गई है। गोइलकेरा व बारा पंचायत के लिए बालक मध्य विद्यालय, केबरा व सारुगड़ा पंचायत के लिए बालिका मध्य विद्यालय, तरकटकोचा व कायदा के लिए प्लस टू हाई स्कूल, गम्हरिया और बिला के लिए हाई स्कूल छात्रावास, कुईड़ा पंचायत के लिए वन विश्रामागार एवं कदमडिहा व आराहासा के लिए संत पॉल स्कूल को क्वारन्टीन सेंटर बनाया गया है।
मुंडा-मानकी व पंचायत प्रतिनिधि करेंगे सहयोग : बैठक में बीडीओ सुधीर प्रकाश ने मानकी-मुंडा व पंचायत प्रतिनिधियों को समन्वय स्थापित कर काम करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए दूसरे राज्यों से आने वाले मजदूरों को क्वारन्टीन करने में सहयोग करें। वायरस के संदर्भ में लोगों को जागरूक करें और सामाजिक दूरी का महत्व गांवों में बताएं। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की अफवाह फैलाने पर कार्रवाई की जाएगी।


















