
जमशेदपुर : टाटा कमिंस कर्मचारी यूनियन चुनावी प्रक्रिया में शनिवार को नाम वापसी की तिथि मुकर्रर की गई थी. उसमें महिला सुरक्षित क्षेत्र से एक रितु कुमारी ने अपना नाम वापस ले लिया है. इस प्रकार वहां से एक सीट पर दो महिला उम्मीदवार चुनाव लड़ेंगी. अब 57 प्रत्याशियों में से एक का नाम वापसी के बाद शेष 56 उम्मीदवार की चुनाव मैदान में रह गए हैं. वहीं एक दिन पूर्व शुक्रवार को नामांकन पत्रों की जांच के बाद सही पाए गए सभी 57 उम्मीदवारों के नामों की सूची प्रकाशित की गई थी. यूनियन चुनाव आठ दिसंबर को होना है. चुनाव पदाधिकारी हरेंद्र प्रताप सिंह की देखरेख में चुनावी प्रक्रिया चल रही है. छह दिसंबर सोमवार को निर्विरोध उम्मीदवारों के नामों की सूची का प्रकाशन किया जाएगा. टाटा कमिंस कर्मचारी यूनियन स्टीयरिंग कमेटी के सदस्य रामाकांत करूआ ने कहा कि जिला प्रशासन के आदेश का पालन करते हुए ही चुनाव कराया जा रहा है. कोविड का दिशा-निर्देश का पालन करते हुए चुनावी प्रक्रिया हो रही है. चुनाव के दिन भीड़ न हो इसे लेकर दो से तीन दिन में चुनाव कराने की बात है. किसी भी डिवीजन में एक सौ से ज्यादा कर्मी नहीं है. ऐसे में शारीरिक दूरी का पालन करते हुए चुनाव कराया जाएगा. चुनाव नहीं होने से कर्मचारियों का काफी नुकसान होगा. टाटा कमिंस कर्मचारी यूनियन चुनाव के पदाधिकारी एचपी सिंह ने कहा है कि अभी तक चुनाव की प्रक्रिया कोविड-19 की सभी दिशा निर्देशों पालन करते हुए चल रही है. प्रत्याशिओं की अंतिम सूचि प्रकाशित कर दी गयी है. कोविड-19 के नए वैरिएंट की बढ़ती हुई आशंका के मद्देनजर चुनाव की अगली प्रक्रिया प्रशासन की दिशा निर्देशानुसार ही की जायेगी.




