
Aditypur : शुक्रवार सुबह आदित्यपुर थाना अंतर्गत टाटा- कांड्रा मुख्य मार्ग पर बीको मोड़ के समीप भीषण सड़क दुर्घटना हुई. जिसमें ब्रिक्स इंडिया कंपनी के लगभग 35 मजदूर बुरी तरह से घायल हुए हैं. जिन्हें इलाज के लिए बिष्टुपुर स्थित मेडिका अस्पताल ले जाया गया है. जहां सभी घायलों का इलाज चल रहा है. घायलों में दो की स्थिति चिंताजनक बताई जाती है. एक मजदूर को टाटा मुख्य अस्पताल रेफर किया गया है बाकी अन्य का इलाज मेडिका में ही चल रहा है. घटना शुक्रवार सुबह लगभग 5:45 बजे की है. जब ब्रिक्स इंडिया कंपनी के मजदूरों को कंपनी की गाड़ी ड्यूटी के लिए ले जा रही थी. इसी दौरान बीको मोड़ के समीप गाड़ी के ड्राइवर ने जैसे ही बेक मारी पीछे से तेज गति से आ रही अनियंत्रित ट्रेलर ने ठोकर मार दी.

उधर कोई कुछ समझ पाता इससे पहले ही गाड़ी में बैठे लगभग सभी मजदूर घायल हो चुके थे. स्थानीय लोगों के सहयोग से सभी को बाहर निकाला गया. उधर घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर नगर निगम के डिप्टी मेयर अमित उर्फ बॉबी सिंह अपने समर्थकों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और सभी घायलों को मेडिका अस्पताल भिजवाया और खुद भी अस्पताल में रहकर सभी घायलों के इलाज का प्रबंध करवाया. हालांकि कंपनी प्रबंधन के अधिकारी भी अस्पताल पहुंच चुके थे फिलहाल सभी घायलों का इलाज चल रहा है.







