
सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिला के आरआईटी थाना अंतर्गत वास्तु विहार के समीप शौचालय के लिए बनाए गए एक टंकी में 4 वर्षीय बालक गिर गया. काफी देर के बाद घर वालों को इसकी जानकारी लगी. जिसके बाद स्थानीय लोगों के सहयोग से बच्चे को टंकी से निकाला गया.

उधर आनन-फानन में परिवार वाले बच्चे को लेकर स्थानीय निजी क्लीनिक ले गए. जहां बच्चे की स्थिति खतरे से बाहर बताई जाती है. घटना सुबह 10:00 बजे के आसपास की है. जब बच्चा घर से बाहर खेलने निकला था इसी दौरान शौचालय के लिए बनाए गए टंकी में वह गिर गया था. बच्चे का नाम सचिन कुमार बताया जाता है घटना के वक्त उसके पिता घर पर नहीं थे. वहीं घटना की सूचना मिलते ही आरआईटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शौचालय निर्माण करा रहे मकान मालिक को कड़ी फटकार लगाई और तत्काल टंकी में ढक्कन लगवाने का निर्देश दिया.







