पटमदा : टाटा-पटमदा मुख्य सड़क पर बुधवार सुबह करीब 10 बजे बामनी गांव के समीप बड़डीह में एक सड़क हादसा हो गया. जमशेदपुर से पटमदा की ओर यात्रियों को लेकर जा रही एक मैजिक वैन को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार तेल टैंकर ने जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मैजिक वैन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे झाड़ियों में पलट गयी. हादसे में वैन पर सवार 10 से अधिक यात्री घायल हो गए. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी. (नीचे भी पढ़ें)

आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे तथा घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजने में मदद की. सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. स्थानीय ग्रामीणों ने दुर्घटना के बाद टैंकर को रोक लिया. घटनास्थल पर काफी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गयी. घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है. दुर्घटना के कारण कुछ देर के लिए सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा.







