जमशेदपुर : युवा प्रतिभाओं को मंच देने और ग्रामीण क्षेत्रों में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से टाटा पावर जोजोबेड़ा के सीएसआर विभाग ने खेल प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया. यह कार्यक्रम सरजामदा स्थित इजीएल ग्राउंड में आयोजित किया गया. इस पहल का मुख्य उद्देश्य जोजोबेड़ा एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं की खेल प्रतिभा को तराशना तथा खेल के माध्यम से उनके करियर निर्माण के अवसरों को सुदृढ़ करना है. इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत चयनित युवाओं को एथलेटिक्स, फुटबॉल, तीरंदाजी जैसे खेलों में पेशेवर एवं संरचित प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा. (नीचे भी पढ़े)

प्रशिक्षण के साथ-साथ अनुशासन, धैर्य, आत्मविश्वास, भावनात्मक संतुलन, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा जैसे जीवन कौशलों के विकास पर भी विशेष बल दिया जाएगा. इस कार्यक्रम का दीप प्रज्वलित कर उद्घाटन जिला खेल पदाधिकारी रूपा रानी तिर्की, जिला परिषद सदस्य कुसुम पूर्ति एवं चीफ ओएंएम कुंदन कुमार द्वारा संयुक्त रूप से किया गया. इस अवसर पर टाटा पावर के सीएसआर प्रमुख मृत्युंजय राय, कारपोरेट अफेयर्स प्रमुख राकेश रंजन, डॉ. पंकज सिंह तथा इजीएल ग्राउंड के अध्यक्ष बुधेश्वर मुर्मू एवं दास बेसरासहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे. (नीचे भी पढ़े)

यहां सैकड़ो के तादाद में युवा खिलाड़ी और बच्चे खिलाड़ी उपस्थित रहे. यह पहल टाटा पावर पूर्वी क्षेत्र के चीफ जगमीत सिंह सिद्धू के दूरदर्शी नेतृत्व में संचालित की जा रही है. उनका मानना है कि खेल न केवल शारीरिक विकास का माध्यम है, बल्कि यह युवाओं में नेतृत्व, आत्मनिर्भरता और सामाजिक समरसता का भी विकास करता है. यह टाटा पावर के सीएसआर विभाग की युवाओं को सशक्त बनाने और उनकी खेल प्रतिभा को राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है.




