जमशेदपुर : टाटा स्टील लैंड मैनेजमेंट तथा टाटा स्टील यूआईएसएल (पूर्व में जुस्को) ने शहर के आउटर रिंग रोड क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण और बिजली चोरी के खिलाफ सख्त रुख अख्तियार किया है. गुरुवार को एक साझा अभियान में जीएसटी भवन के समीप छापेमारी कर ‘ऑल दैट ड्राइव’ नामक प्रतिष्ठान में चल रही अनियमितताओं का खुलासा किया और मौके पर ही बिजली कनेक्शन काट दिया. कंपनी सूत्रों के अनुसार, टाटा स्टील यूआइएसएल और टाटा स्टील लैंड डिपार्टमेंट को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि आउटर रिंग रोड पर कंपनी की कीमती जमीन पर अतिक्रमण कर व्यवसाय किया जा रहा है. मंगलवार को जब एक अधिकारी जांच के लिए पहुंचे, तो वहां उनके साथ बदसलूकी की गई. इस घटना के बाद गुरुवार को टाटा स्टील सिक्योरिटी और होमगार्ड के जवानों के साथ एक बड़ी टीम ने स्थल निरीक्षण किया. (नीचे भी पढे़ं)
जांच के दौरान टीम ने पाया कि ‘ऑल दैट ड्राइव’ नामक प्रतिष्ठान में बगल की दुकान ‘न्यू फर्नीचर वर्ल्ड’ से अवैध रूप से तार जोड़कर टाटा स्टील यूआइएसएल की बिजली का व्यावसायिक उपयोग किया जा रहा था. इसके अलावा, जांच में सामने आया कि संचालकों ने रामदास भट्ठा सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) की चहारदीवारी की सुरक्षा के लिए रखी गई मिट्टी को खोदकर इस्तेमाल कर लिया है. मिट्टी हटने से एसटीपी की चहारदीवारी के कमजोर होकर गिरने का खतरा पैदा हो गया है. सूत्रों ने बताया कि कंपनी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बिजली संबंध विच्छेद कर दिया है. संचालकों को स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि उनके विरुद्ध झारखंड पब्लिक लैंड एनक्रोचमेंट (बीपीएलई) एक्ट के तहत कानूनी कार्यवाही शुरू की जाएगी. जांच के दौरान टीम को रामदास भट्ठा से लेकर खरकई पुल तक बड़े पैमाने पर अतिक्रमण और अनियमितताओं के सबूत मिले हैं. टाटा स्टील यूआईएसएल ने स्पष्ट किया है कि जल्द ही पूरे इलाके में एक व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा.







