
जमशेदपुर : टाटा स्टील के जमशेदपुर प्लांट के एलडी 2 में सीनियर ऑपरेटर 52 वर्षीय लेखपाल प्रसाद की कंपनी में काम के दौरान ही मौत हो गयी. गुरुवार की सुबह यह घटना घटी है. बताया जाता है कि 19 जनवरी यानी बुधवार की रात की ड्यूटी पर वे काम कर रहे थे. इसी दौरान सुबह करीब साढ़े पांच बजे लेखपाल प्रसाद शौचालय के लिए गये और फिर जब वे लौटे तो उनको चक्कर आने लगा. वे सीढ़ी चढ़ने के दौरान ही बेहोश हो गये. उनको साथी कर्मचारियों ने संभाला और तत्काल चिकित्सकों को बुलाया गया. चिकित्सक वहां आये, लेकिन कोई रिस्पांस नहीं दे रहे थे. इसी बीच लेखपाल को टीएमएच के इमरजेंसी ले जाया गया, जहां उनको मृत घोषित कर दिया गया. टाटा स्टील प्रबंधन की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि प्रारंभिक जांच में यह घटना दिल का दौरा पड़ना लग रहा है क्योंकि किसी तरह की बाहरी चोट कर्मचारी को नहीं था. टाटा स्टील ने कहा कि दुख की इस घड़ी में वे लोग पूरे परिवार के साथ खड़े है और उनको सारे लाभ देने के लिए प्रतिबद्ध है. कंपनी कर्मचारियों के स्वास्थ्य का ख्याल रखने के लिए तत्पर है और हमेशा आगे बढकर काम करती आयी है. घटना की सूचना मिलने के बाद फैक्ट्री इंस्पेक्टर विनीत कुमार ने कार्यस्थल का दौरा किया. साथ ही कंपनी प्रबंधन से संबधित कर्मचारी की मेडिकल हिस्ट्री व पोस्टमार्टम रिपोर्ट मांगी है.




