
जमशेदपुर : टाटा स्टील के कर्मचारियों के कदमा स्थित केएफ2 फ्लैट में हुई आगजनी को लेकर अब तक कदमा पुलिस द्वारा किसी तरह की कोई कार्रवाई नहीं की गयी है. इस मामले को लेकर टाटा वर्कर्स यूनियन के सहायक सचिव नितेश राज कोल्हान के डीआइजी राजीव रंजन सिंह से मिले और एक ज्ञापन भी सौंपा. इस ज्ञापन में डीआइख़जी से सहायक सचिव नितेश राज ने कहा कि 11 जुलाई की रात को कदमा स्थित टाटा स्टील के केएफ 2 आवासीय फ्लैट में ग्राउंड फ्लोर पर बने गैरेज को असामाजिक तत्वों द्वारा आग के हवाले कर दिया गया. यह आग इतना भीषण था कि टाटा स्टील कर्मचारियों के परिवार काफी मुश्किल से अपनी जान बचाकर निकल पाए. करीब एक दर्जन गाड़ी पूरी तरह जलकर स्वाहा हो गई. उन लोगों ने कदमा थाना प्रभारी एवं पुलिस अधीक्षक जमशेदपुर को लगातार कार्रवाई करने की मांग लेकर मुलाकात किया लेकिन आज तक इस मामले में किसी तरह की गिरफ्तारी ना हो सकी. ऐसी स्थिति में टाटा स्टील के 25 हजार कर्मचारियों का परिवार जमशेदपुर में जो निवास करता है उसका विश्वास प्रशासन के ऊपर से उठ गया है. उन्होंने इस मामले में एक टीम गठित कर जल्द से जल्द जांच करने और दोषियों की गिरफ्तारी करने की मांग की गयी है.

















