जमशेदपुर : टाटा स्टील में कोरोना के बाद से बंद किये गये बायोमैट्रिक्स स्वाइपिंग और अटेंडेंस रिकॉर्ड सिस्टम को एक बार फिर से बहाल कर दिया गया है. टाटा स्टील की वीपी एचआरएम अतरई सान्याल की ओर से जारी सरकुलर में कहा गया है कि कई सारे सेफी प्रोटोकॉल को ध्यान में रखते हुए बायोमैट्रिक्स अटेंडेंस सिस्टम को बंद किया गया था. कोरोना के संक्रमण में आयी कमी को देखते हुए अब सबकुछ सामान्य करने के उद्देश्य से एक बार फिर से इस अटेंडेंस सिस्टम को बहाल किया जा रहा है. सारे स्थायी कर्मचारियों और ठेका मजदूरों के लिए भी यह अनिवार्य कर दिया गया है. बताये हुए स्थानों पर पहले जैसे लोग अटेंडेंस बायोमैट्रिक्स सिस्टम के जरिये करते थे, उसी तरह से सारे कर्मचारियों को अटेंडेंस बनाने को कहा गया है. वैसे इस दौरान कर्मचारियों को कहा गया है कि वे लोग फेक मास्क का इस्तेमाल करें, सामाजिक दूरियां बनाकर चले और हैंड सैनिटाइज करते रहे. सेफ्टी का पूरा ख्याल रखे. यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि आरएफआइडी मशीन या बायोमैट्रिक्स मशीन में जब भी उंगुलियों के निशान के लिए डाले जाये, उससे पहले और उसके बाद जरूर हैंड को सैनिटाइज कर लिया जाये. इसके लिए बायोमैट्रिक्स अटेंडेंस वाले स्थान पर हैंड सैनिटाइजर की व्यवस्था करने को सारे विभागीय प्रमुखों को कहा गया है.



