
जमशेदपुर : टाटा स्टील ने कोरोना और सोशल मीडिया के बदले गये नियमों के तहत अपने कर्मचारियों पर भी नकेल कसा है. इसको देखते हुए टाटा स्टील ने तीन दिन पहले ही एक वृहद गाइडलाइन सोशल मीडिया को लेकर जारी किया है, जिसके तहत कंपनी के कर्मचारियों और अधिकारियों को कई सारे दिशा-निर्देश दिये है. यह कहा गया है कि सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किया जाये और सोशल मीडिया के लिए जारी गाइडलाइन का अनुपालन करने को कहा गया है. कंपनी की ओर से बताया गया है कि सामाजिक दूरियों को बनाये रखने और सोशल मीडिया को देखने के लिए खुद को जिम्मेदार बनने की अपील कर्मचारियों से की गयी है. टाटा कोड ऑफ कंडक्ट के दायरे में रहकर ही सोशल मीडिया का इस्तेमाल करने को कहा गया है. टाटा स्टील के कर्मचारियों को कहा गया है कि कंपनी चाहती है कि टाटा स्टील के कर्मचारी या अधिकारी सोशल मीडिया का इस्तेमाल ज्ञान बढ़ाने के लिए करें, बेहतर तथ्यों के साथ बातें करने के लिए करें ना कि गलत बातों को प्रचारित करें. यह कहा गया है कि कर्मचारी सोशल मीडिया या वाट्सएप जैसे समूहों में बिना वेरिफाइ संदेश नहीं डाले ताकि समाज में किसी तरह का गलत संदेश फैलने से रोका जा सके. सारे कर्मचारियों को खुद की जिम्मेदारी के तहत सोशल मीडिया का इस्तेमाल करने को कहा गया है. कर्मचारियों को सख्य हिदायत दी गयी है कि किसी भी तरह के कंपनी की सूचनाओं या सरकुलर या किसी तरह की जानकारी को सोशल मीडिया में साझा नहीं करें या किसी को शेयर भी नहीं करें. इसके अलावा साथ में काम करने वाले कर्मचारी, एजेंसी, क्लाइंट, बिजनेस पार्टनर और किसी भी तरह से जुड़े लोगों के दस्तावेज या अन्य चीजों को शेयर नहीं करें. किसी तरह की आपत्तिजनक सामग्रियों के पोस्ट करने पर पाबंदी रहेगी. यह भी कहा गया है कि अगर कोई कंफ्यूजन है तो इसकी जानकारी कंपनी प्रबंधन से जरूर लें. खास तौर पर कोरोना को लेकर अलग से गाइडलाइन जारी की है, जिसहके तहत कहा गया है कि कोरोना को लेकर जो गाइडलाइन सरकारों और प्रशासन का है, उसका अनुपालन किया जाये. किसी तरह का ट्वीट, वाट्सएप मैसेज, जिससे समाज में गलत संदेश जाता है, वो पोस्ट नहीं करें. इसके अलावा कंपनी के प्लांट का पिक्चर, वीडियो या कर्मचारी का पिक्चर भेजने पर भी पाबंदी लगायी गयी है. किसी तरह का सरकुलर, ऑफिसियल इमेल, लीडरशिप का संदेश जैसे अधिकारिक दस्तावेजों को पत्रकारों या सोशल मीडिया पर शेयर करने पर रोक लगा दी गयी है. किसी तरह का फेक न्यूज, अफवाहों को फैलाने पर पाबंदी लगायी गयी है. सफाई या कोरोना का काम करने वालों के नाम या उनका नाम का बदनाम करने जैसे पोस्ट तो हरगिज ना करें. विधि-व्यवस्था को जो दिक्कतें पैदा कर दें, ऐेसी चीजों को पोस्ट हरगिज नहीं करने की अपील की गयी है. अगर कंपनी से संबंधित कोई आपत्तिजनक सामग्री दिखती है तो तत्काल टाटा स्टील के कारपोरेट कम्यूनिकेशन या आला अधिकारियों को इसकी जानकारी देने को कहा गया है. इन सारे नियमों का जो भी कर्मचारी उल्लंघन करेगा, उसके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई भी की जायेगी और नौकरी पर भी आफत आ सकती है. उपरोक्त यह सारे आदेश टाटा स्टील के चीफ कारपोरेट कम्यूनिकेशन सर्वेश कुमार के हस्ताक्षर से जारी किये गये है और अगर कोई गलत संदेश फैलाने या गलत संदेश के वेरिफेकेशन करना है तो उसके लिए कारपोरेट कम्यूनिकेशन के अधिकारी को अधीकृत किया गया है. टाटा स्टील द्वारा इससे पहले भी इस तरह का आदेश जारी किया गया था. इसको लेकर कई बार गाइडलाइंस जारी किया जा चुका है. इसके पीछे उद्देश्य है कि कर्मचारी सचेत रहे. इसकी जानकारी को एमडी ऑनलाइन में भी पहले सांझा किया गया था.




