
जमशेदपुर : जमशेदपुर के टाटा स्टील परिसर में 15 फरवरी को लक्ष्मी सोरेन नामक आदिवासी लड़की को मारकर घायल करने के मामले में पुलिस ने कांड्रा (सरायकेला-खरसावां ज़िला) से एक युवक (बादल, हालांकि पुलिस कोई नाम नही बात रही है) को हिरासत में लिया है. पूछताछ में उसने अपने जुर्म भी कबूल कर लिया है. सूत्रों के अनुसार युवती और युवक में बीते तीन-चार सालों से प्रेम संबंध चल रहा था. लक्ष्मी द्वारा युवक को शादी का दबाव देने पर उसने इस घटना को अंजाम दिया. बताया जाता है कि जमशेदपुर पुलिस ने कंपनी परिसर के अंदर लड़के को घटनास्थल पर ले जाकर पूरे घटनाक्रम की जांच की और पूरी कहानी को जाना. जिस जगह पर उसने लक्ष्मी को मारकर घायल किया, वह जगह भी युवक ने पुलिस को दिखाई. पुलिस मंगलवार को इस मामले का खुलासा कर सकती है.

ज्ञात हो कि 15 फरवरी को टाटा स्टील कंपनी परिसर के बंद पड़े डी ब्लास्ट फर्नेस के एरिया में एमजीएम थाना क्षेत्र के भिलाई पहाड़ी निवासी लक्ष्मी सोरेन घायल अवस्था में मिली थी. इसके बाद उसे टीएमएच अस्पताल में भर्ती कराया गया. इस मामले को खुद मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने काफी गंभीरता से लिया और मामले में पुलिस और टाटा स्टील को कार्रवाई करने का आदेश दिया. इसके बाद पुलिस को यह सफलता मिल पाई है. हालांकि लक्ष्मी की स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है. उसकी हालत में किसी तरह का कोई सुधार नहीं दिख रहा है.







