जमशेदपुर : टाटा स्टील और जापानी स्टील कंपनी निप्पन स्टील की संयुक्त उपक्रम जेसीएपीसीपीएल में कर्मचारियों की सहभागिता, नवाचार एवं निरंतर सुधार की संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘सुझाव प्रबंधन योजना’ का शुभारंभ किया गया. इस योजना का उद्घाटन कंपनी के एमडी कपिल मोदी द्वारा किया गया. इस अवसर पर जेसीएपीसीपीएल वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष आर रवि प्रसाद, कार्यकारी अध्यक्ष डॉ शहनवाज़ आलम तथा कंपनी के सीएचआरओ विकास कुमार सहित कंपनी एवं यूनियन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे. (नीचे भी पढ़े)
सुझाव उप-समिति द्वारा संचालित इस योजना का उद्देश्य कर्मचारियों को अपने नवाचारी एवं उपयोगी सुझाव सीधे प्रस्तुत करने तथा उनके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रोत्साहित करना है. योजना के अंतर्गत प्रक्रिया सुधार, कार्यस्थल सुरक्षा, गुणवत्ता, उत्पादकता तथा लागत अनुकूलन से जुड़े उत्कृष्ट सुझावों को एक सुव्यवस्थित प्रोत्साहन एवं पुरस्कार प्रणाली के माध्यम से सम्मानित किया जाएगा. यह पहल कर्मचारियों की रचनात्मक सोच को प्रोत्साहित करेगी, बॉटम-अप इनोवेशन की संस्कृति को सशक्त बनाएगी तथा जेसीएपीसीपीएल को परिचालन उत्कृष्टता के नए मानक स्थापित करने में महत्वपूर्ण योगदान देगी.







