
जमशेदपुर : टाटा स्टील के एमडी टीवी नरेंद्रन ने कहा है कि बाजार की स्थिति विकट बनी हुई है. इस विकट स्थिति से निबटने की कोशिश हो रहा है. इसके लिए बाजार को नियंत्रित करने की कोशिश हो रही है और सभी के मेहनत से ही यह संभव हो सकेगा. टाटा स्टील के एमडी गुरुवार को एमडी ऑनलाइन में कर्मचारियों को संबोधित कर रहे थे जबकि कर्मचारियों के सवालों का जवाब दे रहे थे. उन्होंने बताया कि विपरित परिस्थितियों में टाटा समूह के कर्मचारी हमेशा साथ रहे है और आगे भी साथ देते रहेंगे.
टीएमएच में रिटायर कर्मचारियों के वसूला जा रहा पैसा
टाटा स्टील के कोक प्लांट के कर्मचारी करम अली खान ने कहा कि रिटायर होने वाले कर्मचारियों से पैसा वसूला जा रहा है जबकि काम छूटने के बाद ही कर्मचारियों की आय छूट जाती है और अब पैसे वसूले जा रहे है. नौ-नौ हजार रुपये तक ले लिये जा रहे है, जो गलत है. इस पर टीएमएच के जीएम डॉ राजन चौधरी ने कहा कि प्रोटोकॉल के तहत ही पैसे लिये जाते है, जिसके तहत पैसे लिये जा रहे है. इस पर एमडी ने कहा कि इस मामले को वे देखेंगे कि क्या रास्ता निकल सकता है.
बिष्टुपुर जी टाउन मैदान में हर दिन कार्यक्रम से आम जनजीवन पर प्रतिकूल असर
करम अली खान ने ही सवाल उठाया कि बिष्टुपुर स्थित जी टाउन मैदान में अक्सर कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है. इससे आम जनमानस को दिक्कतें होती है. आम जनजीवन अस्त-व्यस्त है. बच्चों की पढ़ाई पर असर होता है, बुजुर्गों को परेशानी है और कर्मचारी सो तक नहीं पाते है. ऐसे में इस परेशानी से निजात दिलाने की जरूरत है. इस पर एमडी ने कहा कि ऐसी परेशानियों से जरूर निजात दिलाया जायेगा.
कैंसर अस्पताल में स्टेम सेल यूनिट भी लगेगी, कैंसर स्क्रीनिंग की व्यवस्था होगी
टाटा स्टील के सीआरएम के कमेटी मेंबर एके गुप्ता ने सवाल उठाया कि बोन मैरो ट्रांस्प्लांट की सुविधा शुरू हो गयी है. एमटीएमएच में बेहतर सुविधा शुरू हुई है, लेकिन यहां स्टेम सेल का यूनिट चाहिए, जिसको स्थापित करने की बात कहीं गयी थी, लेकिन यह स्थापित नहीं हो पायी है. इस पर एमडी ने कहा कि इसमें समय लगता है. इसकी प्रक्रिया चल रही है. इसके अलावा एके गुप्ता ने कहा कि कैंसर स्क्रीनिंग की व्यवस्था जरूरी है, जिसके लिए कदम उठाये जाने की जरूरत है. इस पर एमडी ने कहा कि कैंसर स्क्रीनिींग की व्यवस्था को हम लोग दुरुस्त जरूर करेंगे ताकि लोगों को पहले कैंसर की जानकारी हो सके.
टीएमएच प्राइम में कर्मचारियों को अतिरिक्त लाभ या छूट मिले, मैकेनिकल इंजीनियरिंग वालों को मिले इंक्रीमेंट
सीआरएम के एके गुप्ता ने ही सवाल उठाया कि टीएमएच प्राइम में टीएमएच के चिकित्सक ही इलाज करते है. कर्मचारियों को प्राइम में अतिरिक्त छूट दिया जाना चाहिए ताकि लोगों को राहत भी मिल सके और चिकित्सकों को ज्यादा मरीज भी मिल सके. इस पर एमडी ने विचार करने की बात कहीं है, लेकिन कोई ठोस आश्वासन नहीं दिया. इस दौरान इंस्टीच्यूट ऑफ मैकेनिकल इंजीनियरिंग के पास आउट होने वाले कर्मचारियों को इंक्रीमेंट नहीं मिलने का मुद्दा भी एके गुप्ता ने उठाया. श्री गुप्ता ने बताया कि इंस्टीच्यूट ऑफ मैकेनिकल इंजीनियरिंग से कई लोगों ने डिग्री ली. डिग्री लेने वालों को कई कर्मचारियों को इंक्रीमेंट मिल रहा है, लेकिन कई लोगों को इंक्रीमेंट नहीं मिल रहा है. यह इंस्टीच्यूट पहले एआइसीटीइ से मान्यता प्राप्त था, लेकिन अभी यह मान्यता प्राप्त नहीं रहा, जबकि दाखिला सारे लोगों ने एक साथ ही लिया था. इस पर वीपी एचआरएम सुरेश दत्त त्रिपाठी को सहानुभूतिपूर्वक फैसला लेने का निर्देश एमडी ने दिया है.






