
जमशेदपुर : टाटा स्टील के एमडी सह सीइओ टीवी नरेंद्रन ने कहा है कि वर्तमान में भारत 100 मिलियन टन स्टील का उत्पादन व खपत करने वाला देख बन चुका है. हालांकि, इस साल इसकी खपत में जरूर गिरावट कोविड-19 के कारण होगी, लेकिन आने वाले दिनों में भविष्य काफी बेहतर होने जा रहा है. एमडी आइआइएम इंदौर और फ्री प्रेस जर्नल के संयुक्त प्रयास से आयोजित इंडिया आफ्टर कोविड-19 (कोरोना काल के बाद भारत) के वेबिनार को संबोधित कर रहे थे. उन्होंने बताया कि भारत सरकार ने कहा है कि आने वाले 10 से 15 साल में तीन सौ मिलियन टन भारत में स्टील का उत्पादन व खपत होने लगेगा. यह संभव तब होगा जब सरकार की ओर से की गयी घोषणाओं को धरातल पर उतारा जायेगा. सरकार की योजनाओं के धरातल पर उतरने के बाद स्टील की खपत में आने वाले 10 से 15 साल में 10 गुणा तक की बढ़ोत्तरी हो जायेगी. उन्होंने बताया कि करीब तीन से चार साल पहले चीन भारत में स्टील को डंप करती थी, लेकिन आज भारत से चीन स्टील की खरीददारी करने लगी है यानी भारत अब चीन को स्टील निर्यात करने लगी थी. इससे कंपनियों को काफी फायदा भी हुआ है. सिर्फ टाटा स्टील ही नहीं बल्कि जेएसडब्ल्यू समेत कई कम खर्च में स्टील उत्पादन करने वाली कंपनियों को फायदा हुआ है. उन्होंने कहा कि बीते तीन माह में स्टील का एक्सपोर्ट हुआ है, वह भी चीन में ही निर्यात हुआ है. वैसे चीन की कोविड 19 से रिकवरी का रेट काफी बेहतर हुआ है.






