
जमशेदपुर : अथक प्रयास और लगातार कोशिशों के बाद अंततः टाटा स्टील मेरामण्डली वर्कर्स यूनियन को गुरुवार को टाटा स्टील मैनेजमेंट से मान्यता पत्र मिला. यूनियन के पदाधिकारियों द्वारा इसे लेकर पिछले 7 महीनो से प्रयास किया जा रहा था. ज्ञात है कि ओडिशा सरकार द्वारा 31 जनवरी को टाटा स्टील मेरामण्डली वर्कर्स यूनियन का रजिस्ट्रेशन किया गया था. तब से यूनियन के शीर्ष पदाधिकारी लगातार मैनेजमेंट से मान्यता को लेकर बातचीत कर रहे थे. मैनेजमेंट द्वारा यूनियन के अधिकारियों को 27 अगस्त को मुंबई आने का प्रस्ताव मिला. मुंबई स्थित टाटा मुख्यालय बॉम्बे हाउस में चीफ पीपल ऑफिसर अतरई सान्याल ने यूनियन के संस्थापक सह अध्यक्ष बिक्रम सिंह, सुभ्रांशु सेखर सामल (सामल बाबू) को मान्यता पत्र सौंपा. यूनियन की ओर से संस्थापक सह अध्यक्ष बिक्रम सिंह, सुभ्रांशु सेखर सामल (सामल बाबू) और जेनेरल सेक्रेटरी देबाशीष प्रधान उपस्थित हुए. (नीचे भी पढ़ें)
मैनेजमेंट की ओर से वीपी टीएसएम सुधीर मेहता, चीफ ह्यूमन रिसोर्स इंडिया मैन्युफैक्चरिंग जुबिन पेसी पलिया, चीफ इंडस्ट्रियल रिलेशन राहुल दुबे, चीफ ह्यूमन रिसोर्स टीएसएम प्रशांत कुमार नंदा और हेड सचिदानंदा राउत उपस्थित थे. यूनियन अब आधिकारिक रूप से मैनेजमेंट से बातचीत के लिए अधिकृत हो गयी है. इसे लेकर कर्मचारियों में हर्ष का माहौल है. यूनियन को मान्यता मिलने से कर्मचारियों का वेज रिवीजन जल्द होने का उम्मीद बढ़ गया है. अध्यक्ष सामल बाबू ने कहा कि यह सिर्फ कागज का एक टुकड़ा नहीं, बल्कि हमारे एक-एक कर्मचारी भाई-बहन की मेहनत, लगन और अटूट भरोसे की जीत है. यह यूनियन हर कदम पर आपके साथ खड़ी है और हमेशा कर्मचारियों के कल्याण, उनके अधिकारों और सम्मान के लिए पूरी ईमानदारी से काम करेगी. हम टाटा स्टील मैनेजमेंट के साथ मिलकर, एक बेहतर तालमेल और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ेंगे. (नीचे भी पढ़ें)
यह यूनियन मैनेजमेंट के लिए भी एक जिम्मेदार और भरोसेमंद साथी बनेगी. हमारा साझा मकसद मेरामण्डली प्लांट को नई ऊंचाइयों पर ले जाना और यहां एक सुरक्षित, खुशहाल और बेहतरीन वर्क कल्चर तैयार करना है. साथ ही, अब बहुत जल्द मैनेजमेंट के साथ मिलकर सैलरी रिवीजन (वेज रिवीजन) पर भी बातचीत शुरू होगी, जिससे कर्मचारियों की उम्मीदें पूरी हों और कंपनी की प्रगति भी बिना रुके आगे बढ़ती रहे. कर्मचारियों ने यूनियन अध्यक्ष और जनरल सेक्रेटरी के जोरदार स्वागत की तैयारी के लिए 151 किलो लड्डू और 101 किलो फूल की माला का आर्डर दिया गया है. कर्मचारियों द्वारा भुवनेश्वर एयरपोर्ट और अंगुल में जबरदस्त स्वागत की व्यवस्था की गयी है.







