जमशेदपुर : टाटा स्टील में बोनस को लेकर एनएस ग्रेड ने दबाव बनाया है. एनएस ग्रेड के कर्मचारियों और कमेटी मेंबरों ने एकजुटता का परिचय दिया है और अब यूनियन के आला नेताओं पर दबाव बनाने की रणनीति एनएस ग्रेड के कमेटी मेंबरों ने बनायी है. एनएस ग्रेड के कमेटी मेंबरों ने टाटा वर्कर्स यूनियन में मीटिंग कर अपनी एकजुटता दिखायी और कहा कि वे लोग इस मामले को लेकर अध्यक्ष समेत अन्य पदाधिकारियों से बातचीत करेंगे. इसके लिए उपाध्यक्ष संजीव तिवारी और सहायक सचिव श्याम बाबू को अधीकृत किया गया कि वे अध्यक्ष, महासचिव और डिप्टी प्रेसिडेंट के साथ बातचीत करेंगे. गौरतलब है कि संजीव तिवारी और श्याम बाबू खुद एनएस ग्रेड से चुनाव जीतकर आते है. इस बैठक में सर्वसम्मति से न्यू सीरीज के कमेटी मेंबरों के 7 हजार मजदूरों की तरफ से उपाध्यक्ष संजीव तिवारी और सहायक सचिव श्याम बाबू को टॉप थ्री से बात करके बेहतर बोनस और बेहतर ग्रेड रिवीजन का रोड मैप तैयार करने की बात पर सहमत हुए.(नीचे भी पढ़े)
उन लोगों ने कहा कि हम लोग पिछले वेज रिवीजन की खामियां को देखते हुए एक बहुमत के साथ निर्विरोध अध्यक्ष, महामंत्री और डिप्टी प्रेसिडेंट को एक अच्छे नए बोनस समझौता और ग्रेड रिवीजन के लिए चुना है, जो इस बार एनएस ग्रेड की संख्या बल को देखते हुए अच्छा एग्रीमेंट करेंगे और पुनः विश्वास करते हुए मांग की गयी कि बोनस का फार्मूला बेहतरीन है और इसी को जारी रखा जाए परंतु उसके वितरण की प्रक्रिया की बदलाव की आवश्यकता है. टाटा स्टील में कार्यरत सबसे आर्थिक रूप से कमजोर न्यू सीरीज के कर्मचारियों के लिए जिनका डीए जीरो है. उनको कैसे सम्मानजनक बोनस दिलाया जा उस पर विचार विमर्श किया गया. किस तरीका से 20 फीसदी से अधिक बोनस दिया जा सके, इस तरह से कोविड के दौरान गुडविल अमाउंट के तौर पर किया गया था.














