जमशेदपुर : टाटा स्टील के ऑफिसरों के लिए बनाये गये टाटा स्टील ऑफिसर्स मेडिकल फंड को बंद कर दिया गया है. टाटा स्टील की चीफ पीपुल ऑफिसर की ओर से इसको बंद करने का सरकुलर जारी किया गया है. इसकी जानकारी सारे ऑफिसरों को दी गयी है. इसके तहत बताया गया है कि टाटा स्टील ऑफिसर्स मेडिकल फंड की शुरुआत 1991 में किया गया था ताकि टाटा स्टील के अधिकारियों और उनके परिवार को अतिरिक्त और अनिवार्य मेडिकल की सुविधा और इलाज मिल सके. कुछ सालों में टाटा स्टील द्वारा संचालित टाटा मुख्य हॉस्पिटल (टीएमएच) की मेडिकल सुविधाओं में काफी बढ़ोत्तरी हुई है. (नीचे भी पढ़ें)
पदाधिकारियों और उनके परिजनों का इलाज बेहतर हुआ है. इसको देखते हुए टाटा स्टील ऑफिसर्स मेडिकल फंड की मैनेजिंग कमेटी ने फैसला लिया है कि इस फंड का अब औचित्य ही समाप्त हो गया है. इस कारण टाटा स्टील ऑफिसर्स मेडिकल फंड को बंद कर दिया जा रहा है. इस कारण अब इस फंड के लिए अधिकारियों के वेतन से कटौती नहीं होगी. वर्तमान में जमा फंड का इस्तेमाल होता रहेगा और जरूरतमंदों को इससे मदद की जायेगी ताकि इस फंड का सही इस्तेमाल किया जायेगा.



