जमशेदपुर : झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर इरफान अंसारी एक बार फिर से सुर्खियों में हैं. इस बार उन्होंने बीजेपी को “निकम्मी पार्टी” बोलकर सनसनी फैला दी है. दरअसल स्वास्थ्य मंत्री का बयान तब आया है जब घाटशिला सीट पर उपचुनाव होना है. हालांकि अभी इसकी सुगबुगाहट नहीं हुई है. अभी तो शिक्षा मंत्री और घाटशिला के विधायक रहे दिवंगत रामदास सोरेन का श्राद्ध कर्म भी संपन्न नहीं हुआ है, मगर राजनीतिक बयानबाजी से माहौल गरमाने लगा है. स्वास्थ्य मंत्री पूर्व शिक्षा मंत्री स्वर्गीय रामदास सोरेन के परिजनों से मिलने बुधवार देर रात जमशेदपुर पहुंचे थे. इस दौरान उनके साथ सूबे के मंत्री संजय प्रसाद यादव भी मौजूद थे मीडिया से बातचीत के क्रम में स्वास्थ्य मंत्री ने घाटशिला उपचुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर सीधा वार किया और कहा कि घाटशिला उपचुनाव में झारखंड मुक्ति मोर्चा को छोड़कर अगर कोई पार्टी अपना प्रत्याशी खड़ा करती है तो वह नालायक और निकम्मी होगी. यानी सीधे तौर पर उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर वार कर दिया. (नीचे भी पढ़ेें)
बातों ही बातों में उन्होंने भाजपा के केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को खूब सराहा, लेकिन इतना जरूर कहा की नालायक पार्टी और निकम्मी पार्टी घाटशिला उपचुनाव में अपना प्रत्याशी देगी. स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने साफ कर दिया है कि रामदास सोरेन के परिवार से मंत्री बनना तय है. उन्होंने कहा कि स्वर्गीय रामदास सोरेन के परिवार को सत्ता से दूर नहीं रखा जाएगा. लेकिन नालायक और निकम्मा शब्द डॉक्टर इरफान अंसारी के लिए परेशानी का सबब बन सकता है. वैसे कांग्रेस के बड़बोले मंत्री डॉ इरफ़ान अंसारी की सुर्खियों में रहने की आदत पड़ चुकी है. अब देखना है कि विपक्ष, यानी बीजेपी स्वास्थ्य मंत्री के इस बयान पर क्या जवाब देती है. फिलहाल सत्ताधारी दल अपनी पार्टी के दिवंगत मंत्री के श्राद्ध कर्म की तैयारी में जुटा है. उसके बाद ही घाटशिला का सियासी पारा चढ़ेगा.



