
जमशेदपुर : टाटा स्टील के जमशेदपुर प्लांट के हॉट स्ट्रिप मिल (एचएसएम) में नये सिरे से मैनपावर तय हो गया है. एचएसएम के मैनपावर को तय करने को लेकर कई दौर की पूर्व में हुई बैठकों के बाद गुरुवार को रिऑर्गेनाइजेशन (आरओ) का समझौता हुआ. इस समझौता के तहत कुल छह सेक्शन में से पांच सेक्शन का मैनपावर तय किया गया. सिर्फ क्रेन ऑपरेटर का आरओ फाइनल नहीं हुआ, जिसका केंद्रीय स्तर पर मैनपावर तय होगा, जिसके बाद वहां का रिऑर्गेनाइजेशन हो सकता है. पांच सेक्शन में पहला मिल प्रोवाइडिंग एंड हीटिंग सेक्शन था, जहां अभी कार्यरत मजदूरों की संख्या 40 है, वहां का मैनपावर को घटाकर 36 करने का प्रस्ताथ था, लेकिन वहां के कमेटी मेंबर अभिनंदन कुमार सिंह के प्रयासों के बाद 42 की संख्या पर रिऑर्गेनाइजेशन का समझौता हुआ. वर्तमान मैनपावर से दो मैनपावर की बढ़ोत्तरी पर फैसला हुआ. इसी तरह मिल प्रोवाइडिंग एंड हीटिंग एंड रोल शॉप में 22 मैनपावर तय हुआ, जिसका प्रस्ताव 16 करने का था, जबकि वर्तमान में कार्यरत कर्मचारियों की संख्या 22 ही है, जिसको बरकार रखते हुए 22 मैनपावर ही तय हुआ. यहां के कमेटी मेंबर भी अविनंदन कुमार सिंह ही है. इसी तरह कमेटी मेंबर मोहन सिंह के एरिया रोलिंग सेक्शन में वर्तमान में कार्यरत कर्मचारियों की संख्या 48 है, जिसका प्रस्ताव भी 48 था और फाइनल भी 48 पर ही हुआ, यानी एक भी कर्मचारी की न तो कमी हुई और ना ही कोई बढ़ोत्तरी हुई है. इसी तरह एचएसएम के फिनिशिंग एंड शिपिंग सेक्शन से खुद उपाध्यक्ष भगवान सिंह चुनाव जीतकर कमेटी मेंबर बनकर पदाधिकारी बनते है जबकि वहां से कमेटी मेंबर एमएससी शिवा भी है. इस सेक्शन में कुल मैनपावर अभी कार्यरत 111 है, जिसकी संख्या को कम कर 110 पर फाइनल हुआ. हालांकि, वहां एक कर्मचारी हटेंगे नहीं बल्कि उक्त एक कर्मचारी काम करने के बाद रिटायर होने वाले है, जिसके बाद 110 मैनपावर तय हो जायेगा. वैसे मैनेजमेंट ने यहां 105 मैनपावर का प्रस्ताव दिया था, लेकिन यूनियन के दबाव के बाद इसका मैनपावर को 110 पर फाइनल किया गया. इसी तरह एचएसएम के टेक्निकल सर्विसेज के मैनपावर को लेकर फैसला हुआ, जिसमें कुल मैनपावर वर्तमान में कार्यरत 44 है, जहां फाइनल समझौता भी 44 पर ही हुआ जबकि मैनेजमेंट का प्रस्ताव था कि वहां के मैनपावर को घटाकर 38 किया जाये, लेकिन यूनियन नहीं मानी, जिसके बाद 44 मैनपावर को बरकरार रखने पर समझौता किया गया. यहां से कमेटी मेंबर नवीन रंजन चुनकर आते है. गुरुवार को हुए समझौता पर टाटा स्टील के वीपी सुधांशु पाठक के अलावा यूनियन की ओर से अध्यक्ष आर रवि प्रसाद, महामंत्री सतीश सिंह, डिप्टी प्रेसिडेंट अरविंद पांडेय समेत अन्य लोग मौजूद थे.





