जमशेदपुर : टाटा स्टील के जमशेदपुर टाउन एडवाइजरी कमेटी की बैठक बुधवार को हुई. टाटा स्टील यूआइएसएल (पहले जुस्को) के बोर्ड रुम में हुई इस बैठक में कई अहम फैसले लिये गये. यह बैठक सुबह 10 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक चली. इस मैराथन मीटिंग में कई लोगों ने हिस्सा लिया. बैठक के दौरान मुख्य तौर पर कदमा एरिया में कंपनी क्वार्टर एरिया में हो रही सब्जियों की बिक्री के कारण लगने वाले जाम का मुद्दा उठाया गया. इस दौरान सिक्यूरिटी चीफ अरविंद सिन्हा ने मीटिंग में स्पष्ट तौर पर कहा कि खुद कंपनी के क्वार्टर में रहने वाले कर्मचारी और उनके परिजन ऐसे लोगों को प्रश्रय देते है. क्वार्टर में पैसे लेकर सामान रखने देते है. इस पर टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट कारपोरेट सर्विसेज डीबी सुंदर रामम गुस्सा गये और कहा कि ऐसे लोगों की पहचान कर तत्काल कार्रवाई करें. बैठक के दौरान बिष्टुपुर में कॉमर्शियल गतिविधियों और बिल्डिंग में पार्किंग की सुविधा नहीं होने के कारण सड़क पर हो रही पार्किंग का मुद्दा उठाया गया. इस पर यह तय किया गया कि जिन लोगों के पास बेसमेंट है और वहां पार्किंग नहीं करायी जा रही है, ऐसे लोगों के खिलाफ प्रशासन के सहयोग से कार्रवाई करायी जायेगी. पहले नोटिस दिया जायेगा. अगर फिर भी कोई सुधार नहीं हुआ तो फिर कानूनी कार्रवाई की जायेगी. (नीचे भी पढ़ें)
टाटा स्टील के सारे फ्लैट के जर्जर छज्जों कीजानकारी दी गयी. इसमें तय किया गया कि सारे छज्जे का रिपेयरिंग होगा और सीमेंट के छज्जों की जगह टाटा ब्लूस्कोप का शीट से उसको सुरक्षित और आधुनिक बनाया जायेगा. बैठक की अध्यक्षता टाउन एडवाइजरी कमेटी के चेयरमैन और टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट कारपोरेट सर्विसेज डीबी सुंदर रामम ने किया. उनके साथ वाइस चेयरमैन सह टाटा वर्कर्स यूनियन के महासचिव सतीश सिंह मौजूद थे. यहां यह बताया गया कि बिष्टुपुर जी टाउन मैदान के ओपेन जिम में नागरिक काफी आते है, जहां पानी की व्यवस्था होनी चाहिए. इसके अलावा मशीन को बढ़ाये जाने की जरूरत है. इसमे बताया गया कि उसमें एक अतिरिक्त साइकिल मशीन लगेगा. वहीं, बारीडीह ओपेन जिम में चार अतिरिक्त मशीन भी लगाया जायेगा. यह भी तय किया गया कि लोगों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए सारे ओपेन जिम को रविवार को भी खोला जायेगा. सिदगोड़ा क्षेत्र के एल4 टाइप क्वार्टर जो वर्तमान में जर्जर हैं, उन्हें मॉडिफाई किया जाएगा. इन क्वार्टरों को डबल क्वार्टर के रूप में विकसित कर टाटा स्टील के कर्मचारियों को आवंटित किया जाएगा. बर्मामाइंस इलाके में भारी वाहनों के दबाव को देखते हुए नई ट्रक एवं ट्रेलर पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी. कदमा मेन रोड (गणेश पूजा मैदान के सामने) को ‘नो पार्किंग का जल्द ही साइन बोर्ड लगाए जाएंगे. (नीचे भी पढ़ें)
यहां बताया गया कि सभी कंपनी क्वार्टरों में पीएनजी कनेक्शन की प्रक्रिया को तेज करने के लिए यह तय हुआ कि गेल का एक प्रतिनिधि प्रतिदिन एस्टेट विभाग में बैठेगा, ताकि कर्मचारियों की समस्याओं का तुरंत समाधान हो सके. इस दौरान टाटा स्टील के चीफ कारपोरेट सर्विसेज प्रणय सिन्हा को विदायी दी गयी, जो 31 मार्च को रिटायर होने वाले है. उनका इस कमेटी की बैठक में मौजूदगी आखिरी थी, जिस कारण उनको विदाई दी गयी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की गयी. बैठक में मुख्य तौर पर टाटा स्टील यूआइएसएल के एमडी अतुल भटनागर, टाटा स्टील के चीफ कारपोरेट सर्विसेज प्रणय सिन्हा, टाटा स्टील यूआइएसएल के जीएम आरके सिंह, वाटर मैनेजमेंट के जीएम संजीव झा, सचिव स्नेहा के अलावा टाटा वर्कर्स यूनियन की ओर से कमेटी मेंबर संतोष पांडेय, अजय मिश्रा, महेंद्र सिंह शेखावत, मोहन सिंह, संजय पांडेय, संजय सिंह, विकास दास और छोटेलाल मौजूद थे.






