
जमशेदपुर : देश की बड़ी इस्पात कंपनी टाटा स्टील की अधीकृत यूनियन टाटा वर्कर्स यूनियन के सौ साल पूरे होने पर कर्मचारियों के बीच चांदी सिक्का का वितरण शुरू कर दिया गया है. शुक्ररार को टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष आर रवि प्रसाद ने इसका वितरण यूनियन के उपाध्यक्ष, सहायक सचिव और कोषाध्यक्ष के बीच किया. इसके वितरण के दौरान उनको यादगार के तौर पर यह सिक्का दिया गया. शनिवार को यूनियन के सारे कमेटी मेंबरों को अध्यक्ष आर रवि प्रसाद, महामंत्री सतीश सिंह और डिप्टी प्रेसिडेंट अरविंद पांडेय द्वारा अलग-अलग जगह पर देंगे ताकि सोशल डिस्टेंस का उल्लंघन नहीं हो. अब इसके साथ ही कर्मचारियों के बीच इन सिक्कों का वितरण शुरू कर दिया जायेगा. टाटा वर्कर्स यूनियन का सौ साल मार्च 2019 में पूरा हुआ था, जिसमें यह घोषणा की गयी थी कि सभी कर्मचारियों के बीच यूनियन की ओर से सिक्का का वितरण किया जायेगा. इसके तहत 1 मार्च 2019 से लेकर मार्च 2020 तक काम करने वाले टाटा स्टील के कर्मचारियों के बीच 50 ग्राम का सिक्का दिया जायेगा, जिसकी कीमत करीब 4 हजार रुपये एक सिक्का का है. 1 मार्च 2019 से लेकर 31 मार्च 2020 तक में 12450 कर्मचारियों के बीच यह सिक्का वितरित किया जायेगा. इसमें पहले चरण में सारे 214 कमेटी मेंबर और पदाधिकारियों के बीच सिक्का का वितरण किया जायेगा जबकि उसके बाद वर्तमान में कार्यरत कर्मचारियों को अपने-अपने विभागों में बांट दिया जायेगा जबकि 1 मार्च 2019 से लेकर 31 मार्च 2020 के बीच रिटायर हो चुके कर्मचारियों के बीच भी सिक्कों का वितरण किया जायेगा. ग्वालियर की एक कंपनी ने इस सिक्का को तैयार किया है. इस सिक्के का इंतजार कर्मचारियों को काफी दिनों से है, जिसमें सौ साल पूरे होने और टाटा वर्कर्स यूनियन की पहचान का लोगो भी लगाया गया है. 50 ग्राम के चांदी का सिक्का मिलना कर्मचारियों के लिए गौरवपूर्ण और उत्साहवर्धक साबित होगा.






