जमशेदपुर : टाटा स्टील की अधीकृत यूनियन टाटा वर्कर्स यूनियन की ओर से स्पोटर्स एडवाइजरी कमेटी समेत अन्य कमेटियों को अब हर साल फंड उपलब्ध कराया जायेगा. यूनियन की ओर से यह फंड देने की घोषणा कर दी गयी है. यह पहली बार ऐसा हुआ है कि इस तरह की कमेटी को यूनियन के फंड से पैसे दिये जा रहे है. अब तक यह मैनेजमेंट के सहयोग से संचालित होती थी. वर्तमान में टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नु और महामंत्री सतीश सिंह के हस्ताक्षर से एक ऑफिस ऑर्डर निकाला गया है, जिसमें कहा गया है कि स्पोटर्स एडवाइजरी कमेटी को एक साल में यानी जनवरी से दिसंबर तक 80 हजार रुपये का फंड दिया जायेगा, जिसके बदले उनको बिल दिया जायेगा. (नीचे भी पढ़ें)
वहीं, जेडब्ल्यूक्यूसी, ज्वाइंट एमीनीटीज कमेटी, टाउन एडवाइजरी कमेटी, मेडिकल एडवाइजरी कमेटी, सीडीएंडएस डब्ल्यू कमेटी, सीसीएमएस, एपेक्स टीआरजी एंड डेवलपमेंट कमेटी, वेलनेस कमेटी एंड डिवीजनल जेसीसीएम को भी वित्तीय अधिकार दिया जायेगा. इस ऑफिस आर्डर में कहा गया है कि इस फंड का इस्तेमाल टीम बिल्डिंग और अन्य गतिविधियों के लिए दिया जायेगा. इसका मंजूरी अध्यक्ष, डिप्टी प्रेसिडेंट, महामंत्री और कोषाध्यक्ष की ओर से दी गयी है. गौरतलब है कि टाटा वर्कर्स यूनियन का संचालन कर्मचारियों के चंदे से काटकर जमा हुए पैसे से चलता है और उसका इस तरह का इस्तेमाल करने से जरूर सवाल उठेगा.



