जमशेदपुर : जमशेदपुर के परसुडीह थाना अंतर्गत हरहरगुट्टू स्थित आशा कुंज इलाके में एक घर में चोरी की बड़ी घटना सामने आई है, जहां से चोरों ने 15 लाख के आभूषण और 10 हजार नगद पर हाथ साफ कर दिया है. घर मालिक हृदय नाथ सिंह फिलहाल कटिहार (बिहार) में हैं और 29 नवंबर 2025 से बिहार में है. उन्होंने अपने घर की चाबी अपने रिश्तेदार राजीव कुमार सिंह उर्फ मुन्ना को दी थी, जो रोजाना दिन में पौधों और एक्वेरियम की देखरेख करने आते थे. (नीचे भी पढ़ें)

बुधवार की सुबह पड़ोसी राकेश सिंह ने फोन कर बताया कि घर के मुख्य गेट का ताला और कुंडी मुड़ी हुई हैं, जिससे चोरी की आशंका जताई गई. सूचना मिलने पर राजीव सिंह मौके पर पहुंचे और चाबी से मुख्य गेट खोलकर अंदर गए. अंदर जाने पर पाया गया कि घर के सभी ताले गायब थे और सीसीटीवी कैमरों की तारें भी काट दी गई थीं. घर के सभी कमरे अस्त-व्यस्त मिले. अलमारी, इनबिल्ट लॉकर और बॉक्स बेड तोड़कर सामान बिखेर दिया गया था. चोरी करने वाले सोने-चांदी के आभूषण समेत करीब 15 लाख रुपये मूल्य के गहने और 10 हजार रुपये नकद ले गए. घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है. हृदय नाथ सिंह ने पूरे मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है.



