जमशेदपुर: रेलवे बोर्ड से एकल यूनियन के रूप मे मान्यता प्राप्त दक्षिण पूर्व रेलवे मेंस यूनियन के सीकेपी डिवीज़नल कोर्डिनेटर एमके सिंह ने सभी रेल कर्मचारियों को आह्वान करते हुए कहा है कि वे अपनी समस्या को मान्यता प्राप्त मेंस यूनियन के समक्ष अवश्य रखे, ताकि उन समस्याओ का समाधान किया जा सके. उन्होंने कहा है कि यूनियन कर्मचारियों की समस्या का समाधान एवं निपटारा करने के लिए ही गठित की गयी है, जबतक कर्मचारी अपनी समस्या नहीं बताएंगे, यूनियन कैसे उनकी समस्या जान पायेगी. एमके सिंह बुधवार को बर्मामाइंस कैरेज कॉलोनी स्थित रेलवे एम्प्लोयी वेलफेयर एसोसिएशन के कार्यालय मे आयोजित स्वास्थ्य जांच शिविर में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे. उन्होंने यूनियन के सभी पदाधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि उन्हें अपने अपने क्षेत्र से जुड़े कर्मचारियों की मूल समस्या की जानकारी प्राप्त करनी चाहिए तथा उन समस्या के निदान हेतु काम करना चाहिए. (नीचे भी पढ़ें)
एमके सिंह ने कहा कि जल्द एक शिकायत सेल बनाने पर विचार किया जायेगा, ताकि कर्मचारी वहां अपनी समस्या उठा सके. स्वास्थ्य जांच शिविर के नेतृत्वकर्ता एवं रेलवे एम्प्लोयी वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज मिश्रा ने बताया कि मार्च महीने से रेल यात्रियों की सुविधा हेतु टाटानगर स्टेशन के बाहर स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन हर सप्ताह किया जायेगा, जिसमे मधुमेह एवं रक्तचाप की निःशुल्क जांच की जाएगी. शिविर में रेलवे के अलग अलग विभाग से 63 कर्मचारियो एवं 17 आमलोगो ने शिविर का लाभ उठाया. कार्यक्रम में एमके सिंह मुख्य अतिथि एवं मनोज मिश्रा के अलावा एसपी विश्वास, नागेंद्र प्रसाद, टीके पथाल, सकल कुमार, चम्पीया, रवि रंजन, अभषेक कुमार शाही, जीएन बेहरा, शंकर, अशोक अजनबी, राम बाबू भगत, अशोक महंता, रणधीर, जीतेन्द्र साव, राकेश रंजन, मो तालिब सहित काफ़ी संख्या कर्मचारियों ने भाग लिया.














