जमशेदपुर : टाटानगर आरपीएफ ने एक बार फिर मानव तस्करी के प्रयास को नाकाम करते हुए पश्चिम सिंहभूम जिले की पांच नाबालिग लड़कियों को तमिलनाडु ले जाने के दौरान पकड़ लिया. लड़कियों को सड़क मार्ग से चाईबासा से टाटानगर स्टेशन लाया जा रहा था. इस मामले में दो महिलाएं सविता बिरुआ (मंझारी, पश्चिम सिंहभूम) और बेलमति हेम्ब्रम (पासूहातू, चाईबासा मुफस्सिल) गिरफ्तार हुईं. आरपीएफ को महिलाओं पर शक हुआ और उन्होंने लड़कियों को रोककर पूछताछ की. शुरुआत में दोनों महिलाओं ने यह दावा किया कि वे पांचों लड़कियों की सहेलियां हैं और निजी काम से तमिलनाडु जा रही हैं. लेकिन महिला आरपीएफ जवानों की मदद से सख्त पूछताछ में महिलाओं ने स्वीकार किया कि वे लड़कियों को नौकरी दिलाने के बहाने तमिलनाडु ले जा रही थीं और इसके बदले उन्हें पैसे मिलते हैं. आरपीएफ ने तुरंत लड़कियों के परिजनों और चाइल्ड लाइन से संपर्क किया. (नीचे भी पढ़ें)
रेस्क्यू की गयी पांच लड़कियों में तीन 15 साल की और दो 17 साल की हैं. आरपीएफ लड़कियों से भी जानकारी जुटा रही है कि वे किस तरह तस्करी के चंगुल में फंसीं. इसके बाद दोनों महिलाओं को जीआरपी के हवाले कर दिया गया है और जेल भेजने की प्रक्रिया चल रही है. इस कार्रवाई से न केवल मानव तस्करी का एक प्रयास नाकाम हुआ, बल्कि नाबालिग लड़कियों को सुरक्षित घर पहुंचाने में भी सफलता मिली. यह मामला टाटानगर आरपीएफ की सतर्कता और तेजी से की गयी कार्रवाई का उदाहरण है, जिसने बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी.














