
जमशेदपुर : जमशेदपुर के टाटानगर स्टेशन में शुक्रवार की सुबह एक बड़ा हादसा होते होते टाल गया. एक महिला और एक व्यक्ति ट्रेन के नीचे आ गए. हालांकि मौके पर मौजूद महिला कांस्टेबल ने किसी तरह अपनी जान पर खेलकर महिला और व्यक्ति की जान बचाई. इस घटना में महिला और व्यक्ति को हल्की चोटें आई है. बर्मामाइंस की रहने वाली अंशु कुमारी अपने परिजनों को छोड़ने टाटानगर स्टेशन आई थी. ट्रेन स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर खड़ी थी. अंशु अपने परिजनों के साथ ट्रेन में बैठी थी. अचानक ट्रेन खुल गई. अंशु दौड़ कर दरवाजे के पास गई और ट्रेन से उतरने का प्रयास किया. इधर एक व्यक्ति प्लेटफॉर्म पर खड़ा था. (नीचे पूरी खबर पढ़े और देखे वीडियो)
वह ट्रेन में चढ़ने का प्रयास करने लगा. दोनों आपस में टकरा गए और ट्रेन के नीचे चले गए. इधर दोनो के ट्रेन के नीचे घुसता देख प्लेटफॉर्म में खड़ी आरपीएफ महिला कांस्टेबल सुपर्णा मंडल दौड़ी और महिला को निकालने का प्रयास किया. महिला को देख बोगी में मौजूद महिला स्कॉट की सिमरन यादव भी ट्रेन से कूद पड़ी. वह प्लेटफार्म पर गिर गई. किसी तरह वह उठी और महिला को ट्रैक से बाहर निकाला. थोड़ी देर बाद ट्रेन भी रुक गई. इस घटना से अंशु को हल्की चोटें आई है. घटना के बाद टाटानगर आरपीएफ पोस्ट के प्रभारी सुधीर कुमार ने बताया की दोनो महिला कांस्टेबल ने काफी अच्छा काम किया है, दोनो ने अपने जान पर खेलकर महिला की जान बचाई है. दोनों को प्रशस्ति पत्र देने के लिए आवेदन दिया गया है.





